सानन का डबल धमाका, जमशेदपुर एफसी ने चेन्नईयिन को रौंदा
इंडियन सुपर लीग
जमशेदपुर: जमशेदपुर एफसी ने इंडियन सुपर लीग 2025-26 में जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में चेन्नईयिन एफसी को 4-1 से हराकर शानदार जीत दर्ज की और पांच मैचों बाद जीत की राह पर वापसी की।
सानन मोहम्मद के दो गोल के अलावा राफेल मेसी बौली और निकोला स्टोजानोविच के गोलों ने मेज़बान टीम को तीन अहम अंक दिलाए। इस जीत के साथ जमशेदपुर 18 अंकों के साथ तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गया, जबकि चेन्नईयिन एफसी नौ अंकों के साथ 10वें स्थान पर बनी हुई है।
जमशेदपुर एफसी – 4 (सानन मोहम्मद 7’, 58’, राफेल मेसी बौली 27’, निकोला स्टोजानोविच 78’)
जमशेदपुर ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और हाईप्रेसिंग के जरिए चेन्नईयिन को दबाव में रखा। पहले ही मिनट में स्टोजानोविच और मादिह तलाल ने विपक्षी रक्षापंक्ति को परखा। हालांकि चेन्नईयिन को भी मौका मिला, लेकिन इरफान का हेडर गोलकीपर एल्बिनो गोम्स ने शानदार तरीके से बचा लिया।

सातवें मिनट में जमशेदपुर ने बढ़त हासिल की। रोसेनबर्ग गैब्रियल के क्रॉस पर मेसीबौलीगेंद तक नहीं पहुंच सके, लेकिन सानन ने मौके का फायदा उठाते हुए करीब से गेंद को गोल में भेज दिया।
जमशेदपुर ने दबाव बनाए रखा और 27वें मिनट में बढ़त दोगुनी कर दी। निखिल बारला के शानदार क्रॉस पर मेसी बौली ने ऊंची छलांग लगाते हुए हेडर से गेंद कोनेट में पहुंचाया। चेन्नईयिन ने जवाबी हमला किया और इरफान पोस्ट से टकरा गए, लेकिन पहला हाफ जमशेदपुर के 2-0 की बढ़त के साथ समाप्त हुआ।
चेन्नईयिन एफसी – 1 (एस. प्रकादेश्वरन 68’)
दूसरे हाफ में चेन्नईयिन ने अधिक गेंद पर नियंत्रण बनाया, लेकिन जमशेदपुर की सुदृढ़ रक्षापंक्ति को भेदने में नाकाम रही। 58वें मिनट में जमशेदपुर ने मैच लगभग अपने नाम कर लिया। गोलकिक से शुरू हुए तेजमूव में सानन ने डिफेंस को चकमा देते हुए गोलकीपर को पार किया और आसानी से गेंद को जाल में पहुंचाकर स्कोर 3-0 कर दिया।

68वें मिनट में चेन्नईयिन को एक गोल मिला, जब एस. प्रकादेश्वरन ने शानदार कर्लिंग शॉट से गेंद को टॉप कॉर्नर में भेजा। हालांकि, जमशेदपुर ने जल्द ही अपनी बढ़त फिर से तीन गोल कर ली।
78वें मिनट में रोसेनबर्ग गैब्रियल और रेई ताचिकावा की बेहतरीन तालमेल के बाद स्टोजानोविच ने करीब से गोल करते हुए स्कोर 4-1 कर दिया। अंतिम चरण में दोनों टीमों ने प्रयास किए, लेकिन कोई और गोल नहीं हुआ और जमशेदपुर ने आराम से मुकाबला अपने नाम कर लिया।



