गुजरात टाइटन्स ने चुनी गेंदबाजी, एलएसजी को दूसरे ओवर में लगा झटका
लखनऊ। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के लखनऊ में होने वाले सीजन के दूसरे मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स और गुजरात टाइटन्स की टक्कर हो रही है।
रविवार को इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में गुजरात टाइटन्स के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला लिया। इसके चलते ऋषभ पंत की कप्तानी वाली लखनऊ सुपर जायंट्स बल्लेबाजी के लिए उतरी।
एलएसजी की ओर से एडन माक्रम और मिचेल मार्श बल्लेबाजी करने उतरे है। एलएसजी ने पहले ओवर में बिना किसी नुकसान के चार रन बना लिए थे। हालांकि एलएसजी को अगले ओवर में तब झटका लगा जब दूसरे ओवर की तीसरी गेंद पर मिचेल मार्श कगिसो रबाडा की गेंद पर शुभमन गिल को कैच थमा बैठै।
यह मैच रोमांचक होने की पूरी उम्मीद है, जहां एक ओर एलएसजी अपने घरेलू मैदान पर अपनी छवि सुधारना चाहेगी, वहीं गुजरात जीत की लय बनाए रखने के लक्ष्य के साथ उतरी है।
अगर लखनऊ सुपर जायंट्स का रिकार्ड देखें तो पिछले सीजन में इकाना स्टेडियम में टीम ने छह मैचों में हार का सामना किया था जिसमें लगातार पांच मुकाबले गंवाएं है। कुल मिलाकर एलएसजी ने अपने घरेलू मैदान पर खेले 22 मैचों में एलएसजी ने केवल नौ में जीत दर्ज की है।

वहीं इस सीजन में एलएसजी को पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा था जब इकाना स्टेडियम पर ही एलएसजी को दिल्ली कैपिटल्स ने छह विकेट से हराया था। हालांकि टीम ने हाल ही में सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ उनके घरेलू मैदान पर जीत अपने नाम की थी।
वहीं, गुजरात टाइटन्स ने अपने पिछले मैच में दिल्ली कैपिटल्स को एक रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की थी और टीम इस मुकाबले में उसी लय को बरकरार रखने के इरादे से उतरी है।
मैच के लिए दोनों टीमों की अंतिम एकादश इस प्रकार हैं:-
लखनऊ सुपर जायंट्स: ऋषभ पंत (कप्तान), मिचेल मार्श, एडन माक्रम, आयुष बडोनी, निकोलस पूरन, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, आवेश खान, मोहम्मद शमी, दिग्वेश राठी, प्रिंस यादव।
गुजरात टाइटन्स : शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर, वाशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, अशोक शर्मा, प्रसिद्ध कृष्णा।



