बायर्न म्यूनिख का ऐतिहासिक धमाका: 54 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ रचा नया कीर्तिमान
बायर्न म्यूनिख ने जर्मन फुटबॉल लीग बुंडेसलिगा में एक ही सत्र में सबसे अधिक गोल करने का अपना 54 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। लियोन गोरेत्ज़का का गोल इस सत्र में बायर्न का 102वां लीग गोल था, जिसके साथ नया रिकॉर्ड बना।
इससे पहले 101 गोल का रिकॉर्ड भी बायर्न के नाम ही था, जो उसने 1971-72 सत्र में बनाया था। बायर्न ने इस मुकाबले में सेंट पाउली को उसके घरेलू मैदान पर 5-0 से हराया।
इस जीत ने रियल मैड्रिड के खिलाफ होने वाले चैंपियंस लीग मैच से पहले उसकी मजबूत तैयारी का संकेत दिया। साथ ही, बायर्न ने बोरुसिया डॉर्टमुंड पर 12 अंकों की बढ़त बना ली, जिससे बुंडेसलिगा खिताब जीतने की उसकी स्थिति और मजबूत हो गई है। अभी प्रतियोगिता में पांच दौर के मैच बाकी हैं।

जमाल मुसियाला ने नौवें मिनट में हेडर से गोल कर फ्रैंज बेकेनबॉयर और गेर्ड मुलर की मौजूदगी वाली 1971-72 की टीम के 101 गोल के रिकॉर्ड की बराबरी की। इसके बाद गोरेत्ज़का ने 53वें मिनट में वॉली के जरिए गोल कर नया रिकॉर्ड बना दिया।
इसके ठीक एक मिनट बाद माइकल ओलिस ने स्कोर 103 तक पहुंचाया। निकोलस जैक्सन ने बायर्न के लिए चौथा गोल किया, जबकि राफेल गुएरेइरो ने इस सत्र में टीम के गोलों की संख्या 105 तक पहुंचा दी। बायर्न 29 मैचों में 76 अंकों के साथ तालिका में शीर्ष पर है, जबकि डॉर्टमुंड 29 मैचों में 64 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है।



