Trending

सविता पूनिया की राष्ट्रीय टीम में वापसी, अर्जेंटीना दौरे पर नवनीत कौर संभालेंगी कप्तानी

स्टार गोलकीपर और पूर्व कप्तान सविता पूनिया अर्जेंटीना के खिलाफ सोमवार से यहां शुरू होने वाली चार मैचों की श्रृंखला के लिए 10 महीने बाद राष्ट्रीय महिला हॉकी टीम में वापसी करेंगी, जबकि कप्तान सलीमा टेटे अस्वस्थ होने के कारण इस दौरे में हिस्सा नहीं ले पाएंगी।

सविता पूनिया ने निजी कारणों से खेल से विश्राम लिया था और वह जून 2025 के बाद किसी भी प्रतियोगिता में नहीं खेली थीं। वहीं मिडफील्डर सलीमा टेटे अभी ‘चिकन पॉक्स’ से उबर रही हैं। यह दौरा भारत के लिए इसलिए बेहद अहम माना जा रहा है क्योंकि आगे एफआईएच नेशंस कप, बेल्जियम और नीदरलैंड में होने वाला एफआईएच हॉकी विश्व कप और एशियाई खेल जैसे बड़े टूर्नामेंट आने वाले हैं।

भारतीय महिला हॉकी टीम गुरुवार शाम को अर्जेंटीना के लिए रवाना हुई थी। इससे पहले टीम ने बेंगलुरु में अभ्यास शिविर में हिस्सा लिया था। हैदराबाद में हुए विश्व कप क्वालीफायर 2026 में उपविजेता रहने वाली भारतीय टीम इस दौरे में अपनी लय बनाए रखने की कोशिश करेगी।

साभार : गूगल

सलीमा की गैरमौजूदगी में अनुभवी फॉरवर्ड नवनीत कौर इस दौरे पर टीम की कप्तानी करेंगी। नवनीत कौर ने हाल ही में शानदार प्रदर्शन के लिए हॉकी इंडिया बलबीर सिंह सीनियर प्लेयर ऑफ द ईयर पुरस्कार भी हासिल किया था।

अनुभवी भारतीय गोलकीपर सविता पूनिया की वापसी से टीम को काफी मजबूती मिलने की उम्मीद है। उनके साथ गोलकीपिंग की जिम्मेदारी बिचु देवी खारिबाम निभाएंगी। हाल ही में अपना 200वां अंतरराष्ट्रीय मैच पूरा करने वाली निक्की प्रधान और अनुभवी सुशीला चानू रक्षापंक्ति की जिम्मेदारी संभालेंगी।

भारतीय टीम के मुख्य कोच शोर्ड मारिन ने इस दौरे पर कहा, “हम 23 खिलाड़ियों के साथ यहां आए हैं और सभी को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। हम इस दौरे का उपयोग अलग-अलग टीम संयोजन आजमाने और जीत के तरीके खोजने के लिए करेंगे। मैं दुनिया की दूसरे नंबर की टीम के खिलाफ व्यक्तिगत और टीम प्रदर्शन देखने के लिए उत्साहित हूं।”

इशिका चौधरी, मनीषा चौहान, ज्योति और उदिता जैसी खिलाड़ी भी भारतीय रक्षापंक्ति का हिस्सा होंगी। सीनियर टीम में चयन के बाद लालथंतलुआंगी को भी अपना कौशल दिखाने का अवसर मिलेगा। सलीमा के बाहर होने के कारण मिडफील्ड में नेहा, वैष्णवी विट्ठल फाल्के और सुनेलिता टोप्पो पर जिम्मेदारी रहेगी।

साक्षी राणा, रुतुजा दादासो पिसल, इशिका और दीपिका सोरेंग जैसी खिलाड़ी टीम में अपनी जगह मजबूत करने और प्रभाव छोड़ने के लिए पूरी कोशिश करेंगी। अग्रिम पंक्ति में बलजीत कौर, दीपिका और ब्यूटी डुंगडुंग पर मुख्य जिम्मेदारी होगी। मुमताज खान की भी टीम में वापसी हुई है, जिससे भारतीय टीम की गोल करने की क्षमता और बढ़ने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button