Trending

नीतीश राणा पर गिरी बीसीसीआई की गाज: अंपायर से बहस करना पड़ा भारी, लगा भारी जुर्माना

दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज नीतीश राणा को फोर्थ अंपायर से बहस करना भारी पड़ गया। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने उनके खिलाफ सख्त एक्शन लेते हुए सजा सुनाई है। यह घटना चेन्नई सुपर किंग्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स मैच की है। मैच के दौरान जब डीसी के बल्लेबाज ट्रिस्टन स्टब्स ने बीच ओवर में ग्लव्स बदलने के लिए डगआउट से करुण नायर को बुलाया, तो चौथे अंपायर ने उन्हें मैदान पर जाने की इजाजत नहीं दी।

अगली ही गेंद पर बड़ा शॉट लगाने के चक्कर में स्टब्स आउट हो गए। उन्होंने अपना गुस्सा ड्रेसिंग रूम में हेलमेट पहनकर जाहिर किया। चौथे अंपायर के इस फैसले से नाराज नीतीश राणा और दिल्ली कैपिटल्स के सपोर्ट स्टाफ ने बहस की। नीतीश राणा इस मैच में प्लेइंग इलेवन का भी हिस्सा नहीं थे।

आईपीएल रिलीज के अनुसार, “दिल्ली कैपिटल्स के बैटर नीतीश राणा पर आईपीएल के प्लेयर्स के लिए कोड ऑफ कंडक्ट के लेवल 1 को तोड़ने के लिए मैच फीस का 25% जुर्माना लगाया गया है और 1 डिमेरिट पॉइंट भी जमा किया गया है।

साभार : गूगल

राणा को आईपीएल के कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.3 को तोड़ने का दोषी पाया गया, जो ‘मैच के दौरान सुनाई देने वाली गाली-गलौज’ से जुड़ा है। यह घटना 19वें ओवर में हुई, जब राणा की चौथे अंपायर के साथ लंबी बहस हुई। राणा ने गलती मान ली और मैच रेफरी की सजा स्वीकार कर ली।”

चेन्नई की गर्मी ने खिलाड़ियों का बुरा हाल कर दिया था। जर्सी शरीर से बुरी तरह चिपक रही थी। एक समय ट्रिस्टन स्टब्स और डेविड मिलर को स्ट्रेटेजिक टाइमआउट के दौरान अपने चेहरे पर पानी छिड़कते देखा गया। गर्मी बर्दाश्त नहीं हो रही थी और स्टब्स ने ग्लव्स बदलने की मांग की। हालांकि यह ओवरों के बीच में हुआ, जिसके कारण चौथे अंपायर ने मना कर दिया।

करुण नायर ग्लव्स के साथ बाउंड्री के बाहर खड़े थे, लेकिन अंपायरों ने उनकी एंट्री रोक दी। इसके तुरंत बाद, स्टब्स, जो दिल्ली कैपिटल्स के लिए अकेले लड़ रहे थे, मिड-ऑफ के ऊपर से हिट करने की कोशिश में आउट हो गए। निराश ट्रिस्टन बाहर चले गए और ड्रेसिंग रूम में वापस जाते समय बल्ला, ग्लव्स और हेलमेट फेंक दिए।

संजू सैमसन की नाबाद शतकीय पारी के बाद जैमी ओवरटन की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल टी20 मैच में शनिवार को यहां दिल्ली कैपिटल्स को 23 रन से हराकर मौजूदा सत्र में पहली जीत दर्ज की।

आईपीएल के मौजूदा सत्र में अपनी निराशाजनक शुरुआत को पीछे छोड़ते हुए सैमसन ने नाबाद 115 रन बनाए। उन्हें दूसरे छोर से आयुष महात्रे का अच्छा साथ मिला, जिन्होंने रिटायर आउट होने से पहले 59 रन बनाए।

सैमसन के आईपीएल करियर का यह चौथा शतक और चेन्नई सुपर किंग्स के लिए पहला शतक है। सुपरकिंग्स ने 212 रन बनाने के बाद दिल्ली कैपिटल्स को आखिरी गेंद पर 189 रन पर ऑल आउट कर दिया और अपने घरेलू मैदान पर लगातार 6 हार के बाद जीत दर्ज की।

Related Articles

Back to top button