यमाल का ऐतिहासिक धमाका: बार्सिलोना ने एस्पेनयोल को 4-1 से रौंदा, खिताब की ओर बढ़ाया कदम
लामिन यामल ने एक गोल किया और फेरान टोरेस के दो गोल में अहम भूमिका निभाई, जिससे बार्सिलोना ने एस्पेनयोल को 4-1 से हराकर स्पेनिश फुटबॉल लीग ला लिगा में खिताब की दौड़ में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली।
यामल ने फेरान को 10वें और 25वें मिनट में गोल करने में मदद की। इसके बाद इस युवा खिलाड़ी ने 87वें मिनट में खुद गोल दागकर टीम की जीत लगभग पक्की कर दी। बार्सिलोना के लिए चौथा गोल 89वें मिनट में मार्कस रैशफोर्ड ने किया।
इस जीत के साथ बार्सिलोना ने अपने करीबी प्रतिद्वंद्वी रियाल मैड्रिड पर नौ अंकों की बढ़त बना ली है। रियाल मैड्रिड ने शुक्रवार को गिरोना के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेला था। बार्सिलोना ने अब 31 मैचों में 79 अंक हासिल कर शीर्ष स्थान को और मजबूत कर लिया है। वहीं रियाल मैड्रिड 31 मैचों में 70 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर बना हुआ है। प्रतियोगिता में अभी सात दौर के मैच बाकी हैं।

इस सत्र में यामल ने बार्सिलोना के लिए शानदार प्रदर्शन किया है। 18 वर्षीय इस खिलाड़ी ने अब तक सभी प्रतियोगिताओं में 22 गोल किए हैं और 18 गोल में सहायता (असिस्ट) दी है।
यामल ने 18 साल और 272 दिन की उम्र में ला लिगा में 100 मैच खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बनकर एक नया रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। उन्होंने बोयान क्रकिक का पिछला रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 20 साल की उम्र में अपना 100वां मैच खेला था। यामल के नाम ला लिगा में सबसे कम उम्र में पदार्पण करने और सबसे कम उम्र में गोल करने का रिकॉर्ड भी दर्ज है।



