क्या आईपीएल 2026 होगा धोनी का आखिरी सीजन? उथप्पा का बड़ा बयान
पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी आईपीएल 2026 में बतौर बल्लेबाज खेलते हुए नजर आएंगे। सीजन शुरू होने से पहले एक बार फिर थाला फैंस के दिमाग में धोनी के आईपीएल रिटायरमेंट को लेकर सवाल घूमने लगे हैं।
फैंस के अलावा भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान और अब रॉबिन उथप्पा ने कहा है कि शायद एमएस धोनी को हम आखिरी बार पीली जर्सी में खेलते हुए देखेंगे। चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान एमएस धोनी के संन्यास की अटकलें पिछले तीन सालों से चल रही हैं, लेकिन उथप्पा का मानना है कि 2026 का सीजन वास्तव में उनका आखिरी हो सकता है।
एक बातचीत में उथप्पा ने कहा, ”एमएस धोनी के लिए पीली जर्सी में आईपीएल 2026 आखिरी सीजन हो सकता है। मैं उन्हें इस साल एक ‘मेंटोर-सह-खिलाड़ी’ की भूमिका में ज्यादा देख रहा हूं। मुझे नहीं लगता कि वे नंबर 7 पर बल्लेबाजी करेंगे। मैं उन्हें नंबर 8 पर बल्लेबाजी करते देख रहा हूं। यह जानते हुए कि वे जा रहे हैं, वे खुद को धीरे-धीरे बाहर करना चाहते हैं। मुझे लगता है कि वे ऐसा ही करेंगे।”

एमएस धोनी का आईपीएल करियर शानदार रहा है। उनकी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम पांच बार चैंपियन बनी है। धोनी ने 278 आईपीएल मैचों में 5439 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 38 का रहा और स्ट्राइक रेट 137 का है। वह आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले छठे बल्लेबाज हैं।
धोनी 44 साल के हो चुके हैं और 28 मार्च से शुरू हो रहे आईपीएल में अपनी फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए खेलेंगे। पिछले सत्र में उन्हें केवल डेथ ओवरों में ही बल्लेबाजी करते हुए देखा गया था। उन्होंने तब 13 पारियों में 196 रन बनाए थे।
उन्होंने आगे कहा, ”मुझे नहीं लगता कि चेन्नई सुपर किंग्स को लीडरशिप की जिम्मेदारी संजू सैमसन को सौंपनी चाहिए। आपको रुतुराज गायकवाड़ को कप्तान के रूप में सेटल होने का समय देना होगा। वे 2024 से टीम को लीड कर रहे हैं।
लोग चाहे कुछ भी कहें, वह अब एमएस धोनी के साये से बाहर निकल रहे हैं। आप चाहते हैं कि वे पूरी तरह से बाहर आएं और अपनी खुद की पहचान बनाएं। आप देखना चाहते हैं कि वे क्या कर सकते हैं। आप चाहते हैं कि वे एमएस के न खेलने पर टीम को लीड करें और बिना उस भारी एनर्जी के दबाव के खुद पर खड़े हों।”



