आकाशदीप बाहर, केकेआर की गेंदबाजी पर संकट गहराया
चोटिल खिलाड़ियों की परेशानी से जूझ रही कोलकाता नाइट राइडर्स को शनिवार को एक और बड़ा झटका लगा, जब उसके प्रमुख तेज गेंदबाज आकाशदीप पीठ के निचले हिस्से में दर्द के कारण आईपीएल से बाहर हो गए।
आकाशदीप कम से कम आठ सप्ताह तक मैदान से दूर रहेंगे, जिससे इस दाएं हाथ के तेज गेंदबाज का जून की शुरुआत में अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच में खेलना भी संदिग्ध हो गया है।
बीसीसीआई के एक सूत्र ने एक न्यूज़ एजेंसी को बताया, “आकाशदीप की पीठ के निचले हिस्से में दर्द फिर से उभर आया है और उन्हें ठीक होने में आठ से 12 सप्ताह तक का समय लग सकता है। वह आईपीएल में हिस्सा नहीं ले पाएंगे और अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच में उनका खेलना भी मुश्किल नजर आ रहा है।”

इस गेंदबाज ने अपना आखिरी मुकाबला जम्मू-कश्मीर के खिलाफ रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल में खेला था। उस दौरान वह पूरी तरह फिट नहीं दिखे थे। उन्होंने पहली पारी में केवल 13 ओवर और दूसरी पारी में सात से भी कम ओवर डाले थे।
तब से वह बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन कर रहे हैं और उन्होंने बुधवार से शुरू हुए केकेआर के अभ्यास शिविर में भी भाग नहीं लिया।
सूत्र ने आगे बताया, “पूरी तरह फिट होकर वापसी करने में समय लगेगा। इस तरह की चोट से उबरने में आमतौर पर लगभग 10 सप्ताह लगते हैं, लेकिन इस मामले में इससे ज्यादा समय भी लग सकता है।”
तीन बार की चैंपियन केकेआर की चोटिल खिलाड़ियों की सूची में अब आकाशदीप का नाम भी जुड़ गया है। इस सूची में भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा और 18 करोड़ रुपये में खरीदे गए श्रीलंकाई खिलाड़ी मथीशा पथिराना भी शामिल हैं, जिससे टीम का तेज गेंदबाजी आक्रमण कमजोर हो गया है।
आकाशदीप और राणा की गैरमौजूदगी में केकेआर को वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी और फिट होकर लौटे उमरान मलिक पर निर्भर रहना पड़ेगा। राणा पहले ही आईपीएल से बाहर हो चुके हैं।
बीसीसीआई के निर्देशों के चलते इस साल की शुरुआत में बांग्लादेश के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को टीम से बाहर करना पड़ा था, जिसके बाद केकेआर ने उनकी जगह जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी को शामिल किया।
तेज गेंदबाजी विभाग को मजबूत करने के लिए केकेआर ने विकल्पों की तलाश शुरू कर दी है। पिछले कुछ दिनों में आकाश मधवाल, नवदीप सैनी, सिमरजीत सिंह, केएम आसिफ और संदीप वारियर ने टीम में जगह बनाने के लिए ट्रायल दिए हैं।



