फर्जी पासपोर्ट बनाने वाले गिरोह का सरगना कोलकाता से गिरफ्तार

फर्जी पासपोर्ट बनाने वाले गिरोह का सरगना कोलकाता से गिरफ्तार

कोलकाता। दिल्ली पुलिस ने कोलकाता के हरिदेबपुर इलाके से फर्जी पासपोर्ट बनाने वाले गिरोह के सरगना को गिरफ्तार किया है। उसका नाम नंदकिशोर प्रसाद है। लाल बाजार स्थित कोलकाता पुलिस मुख्यालय की ओर से शनिवार को जारी बयान में बताया गया है कि आरोपित शख्स ने दिल्ली तथा उसके आसपास के इलाकों में फर्जी पासपोर्ट बनवाने के नाम पर अनेक युवकों से लाखों रुपये ठगे हैं। उसे शनिवार को ट्रांजिट रिमांड पर पुलिस दिल्ली ले गई है।

पूछताछ में पता चला कि नंदकिशोर एक फर्जी पासपोर्ट को एक लाख रुपये में बेचता था। दिल्ली के फरीदाबाद में फर्जी वीजा बनाए जा रहे थे। नंदकिशोर ने 17 जुलाई को हरिदेबपुर थाना क्षेत्र के महात्मा गांधी रोड स्थित शिवानी अपार्टमेंट में एक मकान किराए पर लिया था। वह यहां अपनी गर्भवती पत्नी के साथ रह रहा था।

सूत्रों के मुताबिक पिछले महीने एक व्यक्ति रूसी वीजा लेकर दिल्ली स्थित रूसी दूतावास गया था। वहां उसे पता चला कि वीजा फर्जी है। इसके बाद उसने चाणक्यपुरी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस ने कोलकाता के पास बागुईआटी से संजीव नामक एक शख्स को गिरफ्तार किया। इसने ही पीड़ित व्यक्ति को फर्जी रूसी वीजा बना कर दिया था। उससे पूछताछ की गई तो हरिदेबपुर में नंदकिशोर का पता चला। दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार रात यहां छापेमारी की। नंदकिशोर को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से 85 फर्जी पासपोर्ट, कई फर्जी वीजा और प्रिंटर भी बरामद किए गए हैं।

Related Articles

Back to top button