यूपी टी-20 लीग ट्रॉफी टूर 7 अगस्त से, डॉ. संजय कपूर करेंगे शुभारंभ
आईपीएल स्टार समीर रिजवी और यूपी के रणजी कप्तान आर्यन जुयाल भी रहेंगे मौजूद
लखनऊ। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) और यूपी टी-20 लीग के चौथे सत्र से पहले आयोजित होने वाले विशेष ट्रॉफी टूर अभियान का औपचारिक उद्घाटन 7 अगस्त को एसआर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन, सीतापुर रोड में दोपहर 12:30 बजे होगा।
छह दिवसीय विशेष ट्रॉफी टूर अभियान के तहत क्रिकेट सितारों से रूबरू होंगे छात्र
यूपी टी-20 लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर अभियान का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर आईपीएल स्टार समीर रिजवी तथा उत्तर प्रदेश रणजी टीम के कप्तान आर्यन जुयाल भी मौजूद रहेंगे और छात्रों से संवाद करेंगे।
इसी के साथ क्रिकेट का असली रोमांच अब केवल स्टेडियम तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसकी गूंज लखनऊ के स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में भी सुनाई देगी।

7 से 12 अगस्त तक चलने वाले इस छह दिवसीय अभियान के दौरान यूपी टी-20 लीग की प्रतिष्ठित ट्रॉफी राजधानी लखनऊ के 13 प्रमुख शिक्षण संस्थानों तक पहुंचेगी। इस दौरान आयोजित होने वाली इंटरएक्टिव गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों को न सिर्फ इस प्रतिष्ठित ट्रॉफी को बेहद करीब से देखने का अवसर मिलेगा, बल्कि वे आईपीएल और यूपी टी-20 लीग में अपनी पहचान बना चुके खिलाड़ियों से भी रूबरू हो सकेंगे।
यहां खिलाड़ी छात्रों से संवाद करते हुए क्रिकेट के साथ-साथ अनुशासन, फिटनेस, संघर्ष, समर्पण और खेल भावना का महत्व बताते हुए अपने अनुभव साझा करेंगे। वहीं विद्यार्थियों को खिलाड़ियों से मिलने, प्रश्न पूछने और यादगार पल संजोने का भी अवसर मिलेगा।
यूपी टी-20 लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल यूपी टी-20 लीग के आगामी सत्र का प्रचार-प्रसार करना ही नहीं, बल्कि प्रदेश के क्रिकेट इकोसिस्टम से निकलकर अपनी पहचान बनाने वाले खिलाड़ियों के साथ सीधे संवाद के माध्यम से युवाओं को प्रेरित करना भी है।
उन्होंने आगे कहा कि पिछले तीन सत्रों में यूपी टी-20 लीग ने देश के अग्रणी घरेलू फ्रेंचाइजी क्रिकेट टूर्नामेंटों में अपनी पहचान बनाई है। इस लीग ने उत्तर प्रदेश के प्रतिभाशाली क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का मंच प्रदान किया है।
उन्होंने बताया कि 7 से 12 अगस्त तक चलने वाले इस विशेष ट्रॉफी टूर अभियान के माध्यम से हजारों विद्यार्थियों को यूपी टी-20 लीग के रोमांच को करीब से अनुभव करने, खिलाड़ियों से संवाद करने और खेल के प्रति अपनी रुचि को नई दिशा देने का अवसर मिलेगा। यह पहल प्रदेश में क्रिकेट संस्कृति को और मजबूत करने तथा युवा प्रतिभाओं को प्रेरित करने की दिशा में यूपीसीए का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
लखनऊ में ट्रॉफी टूर
• 7 अगस्त – लोयोला इंटरनेशनल स्कूल, महानगर (8:30–10:30 बजे), एसआर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन, सीतापुर रोड (12:30–3:00 बजे)
• 8 अगस्त – गुरुकुल एकेडमी, भूतनाथ (8:30–10:30 बजे), इंटीग्रल यूनिवर्सिटी, कुर्सी रोड (12:30–3:00 बजे)
• 10 अगस्त – सेंट डोमिनिक सैवियो कॉलेज, इंदिरा नगर (8:30–10:00 बजे), ग्रीनलैंड कॉलेज, कामता (11:00–12:30 बजे), बीबीडी यूनिवर्सिटी, अयोध्या रोड (2:00–4:30 बजे)
• 11 अगस्त – एलपीएस शहीद पथ, अंसल (8:30–10:00 बजे), जीडी गोयनका, अंसल (11:00–12:30 बजे), आईटी कॉलेज, लखनऊ विश्वविद्यालय के निकट (2:00–4:30 बजे)
• 12 अगस्त – मोंट फोर्ट स्कूल, महानगर (8:30–10:00 बजे), रामस्वरूप यूनिवर्सिटी, अयोध्या रोड (11:00–12:30 बजे) एवं गोयल टेक्निकल इंस्टीट्यूट, अयोध्या रोड (2:00–4:30 बजे)
