बिंद्यारानी देवी ने भारत की झोली में डाला छठा पदक, राष्ट्रपति ने कहा- देश को किया गौरवान्वित
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत का बेहतरीन प्रदर्शन लगातार जारी है। सोमवार को स्टार महिला वेटलिफ्टर बिंद्यारानी देवी सोरोखाइबम ने 58 किलोग्राम भार वर्ग में देश के लिए ब्रॉन्ज मेडल (कांस्य पदक) अपने नाम किया। इस पदक के साथ ही जारी राष्ट्रमंडल खेलों में भारत की कुल पदक संख्या 6 तक पहुंच गई है।

बिंद्यारानी देवी की इस ऐतिहासिक सफलता पर देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक्स पर पोस्ट कर उन्हें बधाई दी और उनकी सराहना की।
राष्ट्रपति मुर्मू ने लिखा-ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेल 2026 में महिलाओं के 58 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने पर बिंद्यारानी देवी सोरोखाइबम को बधाई। आपके लचीलेपन और दृढ़ संकल्प ने देश को गौरवान्वित किया है। आपकी यह उपलब्धि देश भर के युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करती है।”
Congratulations to Bindyarani Devi Sorokhaibam on winning Bronze Medal in the Women's 58 kg weightlifting event at the Glasgow Commonwealth Games 2026. Your resilience and determination have brought pride to the nation. Your achievement inspires young sportspersons across the…
— President of India (@rashtrapatibhvn) July 27, 2026
मुकाबला और पदकों का गणित
गोल्ड मेडल: नाइजीरिया की रफियातू फोलाशादे लावाल ने कुल 229 किग्रा (स्नैच: 103 किग्रा + क्लीन एंड जर्क: 126 किग्रा) वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता।
सिल्वर मेडल: कनाडा की एन सोफी ताशेरो कुल 215 किग्रा (स्नैच: 94 किग्रा + क्लीन एंड जर्क: 121 किग्रा) के साथ दूसरे स्थान पर रहीं।
ब्रॉन्ज मेडल: भारत की बिंद्यारानी देवी ने कुल 199 किग्रा (स्नैच: 87 किग्रा + क्लीन एंड जर्क: 112 किग्रा) उठाकर तीसरा स्थान हासिल किया।
राउंड-बाय-राउंड प्रदर्शन की मुख्य बातें
स्नैच राउंड: बिंद्यारानी ने अपने तीनों प्रयासों में क्रमशः 83 किग्रा, 85 किग्रा और 87 किग्रा का सफल वजन उठाया। इंग्लैंड की एलिजा प्रैट ने भी 87 किग्रा उठाया था, लेकिन काउंटबैक (प्रयासों के क्रम) के आधार पर बिंद्यारानी उनसे आगे रहीं। नाइजीरिया की रफियातू फोलाशादे लावाल ने स्नैच में 103 किग्रा उठाकर कॉमनवेल्थ रिकॉर्ड बनाया।
क्लीन एंड जर्क राउंड: बिंद्यारानी 110 किग्रा के अपने पहले प्रयास में असफल रहीं। हालांकि, उन्होंने जोरदार वापसी करते हुए दूसरे प्रयास में 112 किग्रा वजन उठाया। तीसरे प्रयास में उन्होंने 116 किग्रा उठाने की कोशिश की, लेकिन इसमें सफलता नहीं मिल सकी।
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के अब तक के 6 पदक : झंडू कुमार: पैरा पावरलिफ्टिंग (ब्रॉन्ज मेडल – भारत का पहला पदक), ऋषिकांत सिंह: पुरुष वेटलिफ्टिंग, 60 किग्रा (सिल्वर मेडल), मीराबाई चानू: महिला वेटलिफ्टिंग, 48 किग्रा (गोल्ड मेडल), मुथुपांडी राजा: पुरुष वेटलिफ्टिंग, 65 किग्रा (सिल्वर मेडल), ज्ञानेश्वरी यादव: महिला वेटलिफ्टिंग, 53 किग्रा (सिल्वर मेडल), बिंद्यारानी देवी: महिला वेटलिफ्टिंग, 58 किग्रा (ब्रॉन्ज मेडल)।



