बंगाल में अब मेयर या प्रधान नहीं दे पाएंगे जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र , जानिए फिर कैसे बनेंगे ये जरूरी दस्तावेज

कोलकाता ( इंडियन व्यू टीम) : पश्चिम बंगाल की सरकार ने अब पंचायत प्रमुखों, नगर पालिका अध्यक्षों और मेयरों के जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने के अधिकार को रद्द कर दिया है। यह जिम्मेदारी अब पूरी तरह से स्थायी सरकारी अधिकारियों को सौंपी जा रही है। मुख्य सचिव मनोज कुमार अग्रवाल ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस फैसले की जानकारी दी। इस पूरी प्रक्रिया को प्रशासनिक “शुद्धिकरण” अभियान बताया।
लंबे समय से ग्रामीण इलाकों में पंचायत प्रमुख और शहरी इलाकों में नगर पालिका अध्यक्ष या मेयर ये प्रमाण पत्र जारी करते थे। आरोप लगे थे कि इस अधिकार का दुरुपयोग करके बड़ी संख्या में फर्जी प्रमाण पत्र जारी किए गए। इससे मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से लेकर आधार कार्ड बनवाने तक व्यापक स्तर पर धोखाधड़ी हुई। हाल ही में पूरी हुई मतदाता सूची संसोधन प्रक्रिया के दौरान एक लाख से अधिक फर्जी प्रमाण पत्र पाए गए। प्रशासन इन गड़बड़ियों पर लगाम लगाने के लिए नियंत्रण कड़ा कर रहा है।
सभी नगर पालिकाओं और पंचायतों से जन्म और मृत्यु के पुराने रजिस्टरों को जब्त करने और उन्हें स्कैन करने की प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है. मुख्य सचिव ने कहा, “हम सभी को आश्वस्त करना चाहते हैं कि यह पहल पारदर्शिता बहाल करने के लिए की जा रही है। इससे किसी को कोई परेशानी नहीं होगी। जिन लोगों ने असली जन्म प्रमाण पत्र प्राप्त किए हैं, उन्हें चिंता या डरने की कोई जरूरत नहीं है। ” धोखाधड़ी करने वालों को सख्त संदेश देते हुए कहा, “गलत काम करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
सरकार ने आश्वासन दिया है कि चालू रजिस्टरों को स्कैन करके तुरंत वापस कर दिया जाएगा ताकि आम जनता को कोई परेशानी न हो। सरकार पुराने रिकॉर्ड अपने पास रखेगी और भविष्य में प्रमाण पत्रों के सत्यापन के लिए इनका उपयोग किया जाएगा। धोखाधड़ी को रोकने के लिए, राज्य सरकार अपने सिस्टम को पूरी तरह से केंद्र सरकार के ‘सिविल रजिस्ट्रेशन सिस्टम’ (CRS) पोर्टल के साथ भी जोड़ रही है। जिन लोगों के पास वास्तविक दस्तावेजी सबूत नहीं हैं, जिला मजिस्ट्रेट या तो व्यक्तिगत रूप से या अपने किसी प्रतिनिधि के माध्यम से प्रमाण पत्र जारी करने से पहले मौके पर जाकर (ऑन-द-स्पॉट) जांच करेंगे।
मुख्य सचिव ने सरकारी कर्मचारियों की जवाबदेही पर भी जोर दिया और कहा कि अपने कर्तव्यों में लापरवाही बरतने वाले किसी भी अधिकारी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने इशारा किया कि फर्जी प्रमाण पत्र जारी करने के कई मामलों में राजनीतिक नेता शामिल थे।



