जैसलमेर रेलवे स्टेशन बना विश्वस्तरीय, 17 जुलाई को पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन

जैसलमेर ( इंडियन व्यू टीम) : अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जैसलमेर रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर पूरी तरह नया रूप दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार, 17 जुलाई को देशभर के 75 पुनर्विकसित अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल लोकार्पण करेंगे।
इस क्रम में उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के जैसलमेर, बाड़मेर और गोटन स्टेशनों का भी उद्घाटन होगा। जैसलमेर स्टेशन पर स्थानीय स्तर पर दोपहर 2:30 बजे उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा, जबकि प्रधानमंत्री दोपहर 3:30 बजे वर्चुअल माध्यम से स्टेशन का लोकार्पण करेंगे।
मुख्य अतिथि और उपस्थिति
कार्यक्रम में केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके साथ जैसलमेर विधायक छोटू सिंह भाटी, भाजपा जिलाध्यक्ष दलपतराम हिंगड़ा, भाजपा शहर अध्यक्ष अरुण पुरोहित सहित कई जनप्रतिनिधि और रेलवे अधिकारी मौजूद रहेंगे।
140 करोड़ की लागत से हुआ कायाकल्प
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि करीब 140 करोड़ रुपये की लागत से जैसलमेर स्टेशन का पुनर्विकास किया गया है। स्टेशन अब यात्री सुविधाओं से भरपूर है।
मुख्य सुविधाएं:
- – वातानुकूलित प्रतीक्षालय
- – 16 बेड और 7 कमरों वाली डॉर्मिटरी
- – तीनों प्लेटफॉर्म पर एंड-टू-एंड शेल्टर
- – पिट लाइन (ट्रेन रखरखाव के लिए)
- – आउटसोर्सिंग के माध्यम से पार्किंग और वेटिंग रूम व्यवस्था
- – अन्य आधुनिक यात्री सुविधाएं
पर्यटन और अर्थव्यवस्था को मिलेगा बूस्ट
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, पहले यात्रियों को काफी परेशानी होती थी, लेकिन अब स्टेशन विश्वस्तरीय हो गया है। जोधपुर-दिल्ली रूट पर रुणिचा एक्सप्रेस और स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस जैसी नई ट्रेनों के संचालन से खासकर रक्षा बलों के जवानों और अधिकारियों को लाभ मिल रहा है।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जैसलमेर स्टेशन का आधुनिकीकरण पर्यटन को नई गति देगा और स्थानीय व्यापार, रोजगार व क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को मजबूत बनाएगा।



