जम्मू-कश्मीर: वैष्णो देवी आधार शिविर के पास सीआईएसएफ जवानों की बस दुर्घटनाग्रस्त, 3 की हालत गंभीर

जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में रविवार को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों को लेकर जा रही एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटरा के निकट ताराकोट क्षेत्र में हुई इस घटना में आठ CISF जवान और बस चालक सहित कुल नौ लोग घायल हो गए।
अधिकारियों के अनुसार, हादसा रविवार दोपहर उस समय हुआ जब पंजीकरण संख्या JK08D-5992 वाली बस जवानों को लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रही थी। ताराकोट के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हटने के कारण बस सड़क से फिसलकर नीचे उतर गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय प्रशासन और राहत दल ने तुरंत बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
तीन जवानों को जम्मू रेफर
प्राथमिक उपचार के दौरान तीन CISF जवानों की हालत गंभीर पाई गई, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जम्मू रेफर किया गया है। अन्य घायलों का स्थानीय अस्पताल में उपचार जारी है।
प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर चालक का वाहन से नियंत्रण खोना दुर्घटना की वजह माना जा रहा है।



