Trending

अमेरिकी ओपन: देविका ने तीसरी वरीय गुंजी को हराया, रौनक-श्रीकांत भी अंतिम चार में

थाईलैंड मास्टर्स की विजेता देविका सिहाग ने जापान की तीसरी वरीयता प्राप्त रिको गुंजी को हराकर बड़ा उलटफेर करके अमेरिकी ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बनाई जबकि रौनक चौहान ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए अंतिम चार में जगह बनाई।

देविका ने महिला एकल क्वार्टरफाइनल में दोनों गेम के अंतिम क्षणों में संयम बनाए रखते हुए गुंजी को 22-20, 21-19 से हराया। चौहान ने इजरायल के मिशा जिल्बरमैन को सिर्फ 38 मिनट में 23-21, 21-11 से पराजित किया। वह पहली बार किसी बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर सुपर 300 टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचे हैं।

अनुभवी खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत ने एक अन्य क्वार्टर फाइनल में चीनी ताइपे के लियाओ झूओ-फू को 21-9, 12-21, 21-8 से हराकर रविवार को भारत के दो खिलाड़ियों के बीच फाइनल की उम्मीदें बढ़ा दीं। सेमीफाइनल में चौहान का सामना चीन के ताइपे के आठवीं वरीयता प्राप्त सु ली यांग से होगा, जबकि श्रीकांत जापान के चौथी वरीयता प्राप्त युदाई ओकिमोतो का सामना करेंगे।

साभार : गूगल

देविका सेमीफाइनल में दूसरी वरीयता प्राप्त लाइन क्रिस्टोफरसन का सामना करेंगी। डेनमार्क की इस खिलाड़ी ने क्वार्टरफाइनल में भारत की तन्वी शर्मा को 21-16, 11-21, 21-11 से हराया। महिला एकल के एक अन्य क्वार्टरफाइनल में रक्षिता श्री कनाडा की राहेल चान से 15-21, 21-16, 21-12 से हार गईं।

Related Articles

Back to top button