आद्या ने किया उलटफेर, विराट सुपर टाईब्रेक में जीत से क्वार्टर फाइनल में
आइटा सीएस-7 (अंडर-18) बालक व बालिका टेनिस टूर्नामेंट
लखनऊ। यूपी की आद्या भटनागर ने आइटा सीएस-7 (अंडर-18) बालक एवं बालिका टेनिस टूर्नामेंट में बालिका एकल के प्री क्वार्टर फाइनल में आठवीं वरीय गीतिका सारस्वत के खिलाफ उलटफेर भरी जीत दर्ज करते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
वहीं बालक एकल में सातवीं वरीय यूपी के विराट सिंह ने ध्रुव सिंह को सुपर टाईब्रेक तक खिंचे रोमांचक मैच में 6-4, 4-6, 10-5 से हराकर अंतिम आठ में प्रवेश किया। दूसरी वरीय अनुरुद्ध कुमार, तीसरी वरीय मेहर सिंह खोसला व चौथी वरीय वंशराज जलोटा ने बेहतरीन प्रदर्शन से अंतिम आठ में स्थान सुरक्षित किया।
एसडीएस टेनिस अकादमी द्वारा लामार्टिनियर कॉलेज स्थित लामार्टिनियर लॉन टेनिस फैसिलिटी में आयोजित टूर्नामेंट में मंगलवार को बालक व बालिका एकल में प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए।

बालिका एकल में यूपी के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला, लेकिन दूसरी वरीय मध्य प्रदेश की मनुस्मृति सिंह ने जीत दर्ज कर अगले दौर में जगह बनाई। वहीं गैर वरीय यूपी की आद्या भटनागर ने आठवीं वरीय यूपी की गीतिका सारस्वत को 6-4, 6-4 से हराकर उलटफेर करते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
बालक एकल प्री क्वार्टर फाइनल में सातवीं वरीय यूपी के विराट सिंह ने ध्रुव सिंह को सुपर टाईब्रेक में 6-4, 4-6, 10-5 से हराया। विराट सिंह पहला सेट जीतने के बाद दूसरा सेट गंवा बैठे जबकि तीसरे सेट के सुपर टाईब्रेक में उन्होंने शानदार खेल दिखाते हुए जीत दर्ज की।
शीर्ष वरीय यूपी के फैज किदवई ने यूपी के सात्विक गुप्ता को 6-3, 6-3 से हराया। तीसरी वरीय मेहर सिंह खोसला ने उत्तर प्रदेश के देवांश विज को रोमांचक मैच में 6-4, 6-3 से मात दी जबकि दूसरी वरीय उत्तर प्रदेश के अनुरुद्ध कुमार ने प्रणव शर्मा को 6-2, 6-2 से हराकर अंतिम आठ में स्थान सुरक्षित किया।

अन्य मैचों में चौथी वरीय यूपी के वंशराज जलोटा ने मोहम्मद आरिज को 6-2, 6-2 से, पांचवीं वरीय तेलंगाना के अंकित ने उत्तराखंड के अश्विन चौहान को 6-3, 6-2 से, यूपी के रोहिन राज ने आदित्य वैभव को 6-2, 6-0 से और महाराष्ट्र के निपुन चौहान ने उत्तर प्रदेश के रिशांत जायसवाल को 7-5, 6-2 से हराया।
बालिका एकल प्री क्वार्टर फाइनल में चौथी वरीय यूपी की ताशी किरण ने पावनी शुक्ला को एकतरफा 6-2, 6-0 से हराया। शीर्ष वरीय यूपी की नीति संतोष दुबे ने यूपी की ही आद्या सिंह को संघर्षपूर्ण मैच में 6-1, 6-4 से मात दी। तीसरी वरीय यूपी की आइरा ने यूपी की संस्कृति गौतम को 6-2, 6-3 से हराया जबकि छठीं वरीय यूपी की वनीशा जादौन ने अवनी भाटिया को 6-3, 6-4 से शिकस्त दी।
अन्य मैचों में सातवीं वरीय यूपी की आशी शमशेरी ने आशी किरण को 6-1, 6-0 से, श्रीप्रिया सिंघल ने रमिंदरदीप कौर को 6-2, 6-4 से और दूसरी वरीय मध्य प्रदेश की मनुस्मृति सिंह ने यूपी की अनन्या सिंह को 6-0, 6-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।



