जापान में बजेगा भारतीय हॉकी का बिगुल, अंडर-18 टीमें एशिया कप के लिए तैयार
एशिया की हॉकी बादशाहत पर नजरें जमाए भारतीय अंडर-18 पुरुष और महिला टीमें अब जापान में होने वाले अंडर-18 एशिया कप 2026 में अपनी चुनौती पेश करने के लिए तैयार हैं। 29 मई से 6 जून तक काकामिगाहारा में आयोजित होने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के लिए दोनों भारतीय दल रवाना हो चुके हैं।
भारतीय पुरुष टीम सोमवार शाम दिल्ली से जापान के लिए रवाना हुई, जबकि महिला टीम ने मंगलवार सुबह उड़ान भरी। दोनों टीमों ने भोपाल में लंबे राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में जमकर तैयारी की और इसके बाद ऑस्ट्रेलिया अंडर-18 टीमों के खिलाफ अभ्यास मुकाबलों के जरिए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
पुरुष टीम के कोचिंग स्टाफ में पूर्व भारतीय कप्तान सरदार सिंह और रजनीश मिश्रा शामिल हैं, जबकि भारतीय महिला टीम की कमान पूर्व कप्तान रानी के मार्गदर्शन में है। एशिया कप की तैयारियों के तहत दोनों भारतीय टीमों ने भोपाल में ऑस्ट्रेलियाई अंडर-18 टीमों के खिलाफ चार-चार अभ्यास मैच खेले, जिनसे खिलाड़ियों को महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय अनुभव हासिल हुआ।

भारतीय पुरुष टीम का प्रदर्शन मिश्रित रहा। टीम ने चार मैचों में एक जीत दर्ज की, एक मुकाबला गंवाया और दो मैच ड्रॉ खेले। वहीं भारतीय महिला टीम ने अभ्यास श्रृंखला का समापन शानदार जीत के साथ किया, जिससे खिलाड़ियों का मनोबल काफी बढ़ा।
फॉरवर्ड खिलाड़ी केतन कुशवाहा पुरुष टीम की कप्तानी करेंगे। भारत को पुरुष वर्ग के पूल-ए में रखा गया है और टीम अपने अभियान की शुरुआत 29 मई को कजाखस्तान के खिलाफ करेगी। इसके बाद भारतीय टीम 31 मई को जापान, 1 जून को कोरिया और 3 जून को चीनी ताइपे से भिड़ेगी। पूल-बी में मलेशिया, पाकिस्तान, बांग्लादेश और चीन की टीमें शामिल हैं।
टूर्नामेंट के प्रारूप के अनुसार दोनों पूलों की शीर्ष दो टीमें 5 जून को होने वाले सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी, जबकि खिताबी मुकाबला 6 जून को खेला जाएगा। कप्तान केतन कुशवाहा ने कहा, “भारत का प्रतिनिधित्व करना हमारे लिए गर्व की बात है। भोपाल शिविर और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबलों से हमें काफी सीख मिली। टीम का तालमेल शानदार है और हम एशिया की मजबूत टीमों के खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं।”
महिला वर्ग में भारतीय टीम की कप्तानी स्वीटी कुजूर करेंगी। महिला टीम को भी पूल-ए में रखा गया है। भारत अपना पहला मुकाबला 30 मई को मलेशिया के खिलाफ खेलेगा। इसके बाद 31 मई को कोरिया और 2 जून को सिंगापुर से मुकाबला होगा।
महिला वर्ग में भी दोनों पूलों की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी। कप्तान स्वीटी कुजूर ने कहा, “पूरी टीम एशिया कप को लेकर उत्साहित और आत्मविश्वास से भरी है। हमने शिविर में कड़ी मेहनत की है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबलों से हमें अपनी ताकत और कमजोरियों का पता चला। श्रृंखला जीतने से हमारा आत्मविश्वास और बढ़ा है। हम भारत को गौरवान्वित करने के लिए पूरा दम लगाएंगे।”



