ओडिशा की राजनीति में महा-भूकंप : देबाशीष सामंतराय का BJD से इस्तीफा, राज्यसभा पद भी छोड़ा

भुवनेश्वर : ओडिशा के सियासी गलियारे से इस वक्त की बेहद सनसनीखेज और बड़ी खबर सामने आ रही है। बीजू जनता दल (BJD) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद देबाशीष सामंतराय ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और राज्यसभा पद से इस्तीफा देकर नवीन पटनायक के खेमे को बहुत बड़ा झटका दिया है। सामंतराय के इस बड़े कदम के बाद बीजद (BJD) उन पर पूरी तरह हमलावर हो गई है। पार्टी ने सामंतराय पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे ‘निजी स्वार्थ और गद्दारी’ का मामला करार दिया है। इस बड़े उलटफेर से ओडिशा की राजनीति में एक बार फिर भारी हलचल तेज हो गई है।
नवीन बाबू के करीबी होने के बाद भी मिलने तक का नहीं था अधिकार!
दरअसल, सोमवार को देबाशीष सामंतराय ने अचानक पार्टी से नाता तोड़कर सबको चौंका दिया। इस्तीफा देने के बाद सामंतराय ने बीजद के शीर्ष नेतृत्व पर जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के भीतर उन्हें लगातार नीचा दिखाया जा रहा था और उनकी हर स्तर पर अनदेखी की जा रही थी। सामंतराय ने दर्द बयां करते हुए कहा कि लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे नवीन पटनायक के बेहद करीबी होने के बावजूद, पिछले कुछ समय से उन्हें खुद पार्टी प्रमुख (नवीन पटनायक) से मिलने तक नहीं दिया जा रहा था। इसी अपमान से आहत होकर उन्होंने संसद में राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंप दिया।
BJD का तीखा पलटवार: ‘सब कुछ मिला, फिर भी व्यावसायिक हितों के लिए झुके’
देबाशीष के इस्तीफे के तुरंत बाद बीजू जनता दल ने एक आधिकारिक बयान जारी कर उन पर करारा हमला बोला। बीजद ने कहा कि सामंतराय के आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं। पार्टी ने याद दिलाया कि नवीन पटनायक के नेतृत्व में सामंतराय को लगातार पांचवीं बार चुनाव का टिकट दिया गया और उन्हें राज्यसभा सांसद जैसे प्रतिष्ठित पद तक पहुंचाया गया। इसके अलावा, उन्हें ओडिशा टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (OTDC) का चेयरमैन समेत कई अहम संगठनात्मक जिम्मेदारियां और सुविधाएं सौंपी गईं।
पार्टी ने बेहद तल्ख लहजे में आरोप लगाया कि तमाम राजनीतिक लाभ और अवसर मिलने के बावजूद, सामंतराय अब अपने निजी और व्यावसायिक (बिजनेस) हितों को पार्टी से ऊपर रख रहे हैं और इसी वजह से वह भारतीय जनता पार्टी (BJP) की गोद में जा बैठे हैं। बीजद के अनुसार, उनका यह कदम पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं और नेतृत्व के भरोसे के साथ बड़ा धोखा है।
मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी की मौजूदगी में थामेंगे भाजपा का दामन!
इस पूरे सियासी ड्रामे के बीच देबाशीष सामंतराय ने अपने अगले कदम के साफ संकेत दे दिए हैं। सूत्रों से मिली पक्की जानकारी के मुताबिक, सामंतराय बहुत जल्द भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सदस्यता ग्रहण करने वाले हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है कि ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल की मौजूदगी में एक भव्य कार्यक्रम के दौरान उनका बीजेपी में आधिकारिक प्रवेश हो सकता है। देबाशीष के पाला बदलने से कटक और आसपास के इलाकों में बीजेपी को भारी मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।



