पलानीस्वामी को बड़ा झटका, AIADMK के तीन विधायकों का इस्तीफा, विजय को दिया समर्थन

चेन्नई। तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है, जहां AIADMK के तीन विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष जेसीडी प्रभाकर को अपना इस्तीफा सौंप दिया, जिसे स्वीकार भी कर लिया गया है। इस्तीफा देने वाले विधायकों में एम. कुमारवेल, सत्यबामा और जयकुमार शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, ये तीनों विधायक हाल ही में मुख्यमंत्री विजय के विश्वास मत के दौरान पार्टी निर्देशों की अवहेलना करते हुए TVK सरकार के समर्थन में मतदान करने वाले 25 विधायकों में शामिल थे। तभी से इनके पार्टी छोड़ने की अटकलें लगाई जा रही थीं।
इस्तीफे के तुरंत बाद तीनों विधायक TVK सरकार में मंत्री आधव अर्जुन से उनके कार्यालय में मिलने पहुंचे, जिससे उनके पार्टी में शामिल होने की संभावना और मजबूत हो गई है।
इनमें से एम. कुमारवेल मदुरंथकम, सत्यबामा धारापुरम और जयकुमार पेरुंदुरई विधानसभा क्षेत्रों से निर्वाचित हुए थे। धारापुरम और पेरुंदुरई AIADMK का पारंपरिक गढ़ माना जाता है।
इसी बीच, AIADMK के भीतर गुटबाजी भी खुलकर सामने आ रही है। सीवी षणमुगम-एसपी वेलुमणि गुट के पांच विधायक फिर से पार्टी प्रमुख ई.के. पलानीस्वामी के खेमे में लौट आए हैं, जिससे विधानसभा में पलानीस्वामी समर्थक विधायकों की संख्या बढ़कर 27 हो गई है।
वहीं बागी गुट में शामिल विधायकों की संख्या अब घटकर 17 रह गई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में तमिलनाडु की राजनीति में और भी बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।



