महाकालेश्वर मंदिर पहुंची भारतीय महिला टीम, विश्व कप में शानदार प्रदर्शन की कामना
भारतीय महिला क्रिकेट टीम टी20 विश्व कप की शुरुआत से पहले मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर पहुंची। कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारतीय टीम ने भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया और सभी खिलाड़ी भस्म आरती में भी शामिल हुईं।
भारत की कई खिलाड़ी अपने परिवार संग आशीर्वाद लेने पहुंचीं। सभी खिलाड़ियों ने पूजा-अर्चना करते हुए टी20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करने की मनोकामना मांगी।
भारतीय टीम की विकेटकीपर-बल्लेबाज यास्तिका भाटिया ने एक समाचार एजेंसी संग बातचीत में बताया कि महाकाल के दरबार में आकर उन्हें काफी शांति मिलती है। उन्होंने कहा कि वह पिछले महीने भी यहां आई थीं और भस्म आरती के दौरान बाबा के दर्शन करके उन्हें काफी सुकून मिलता है।

उन्होंने बताया कि विश्व कप से पहले सभी खिलाड़ी भगवान महाकाल का आशीर्वाद लेना चाहती थीं, ताकि टीम का टूर्नामेंट शानदार गुजरे। गौरतलब है कि वनडे वर्ल्ड कप का खिताब जीतने के बाद भी भारतीय टीम महाकाल के दर्शन करने पहुंची थी। अब टीम की नजर टी20 विश्व कप में दमदार प्रदर्शन पर है। महिला टी20 विश्व कप का आगाज 12 जून से होगा, जबकि भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से करेगी।
इसके बाद टीम 17 जून को नीदरलैंड से भिड़ेगी। वहीं, 21 जून को ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर भारत का सामना मजबूत साउथ अफ्रीका से होगा। भारत और बांग्लादेश के बीच 25 जून को मुकाबला खेला जाएगा, जबकि ग्रुप स्टेज के अपने आखिरी मैच में भारतीय टीम 28 जून को ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगी।
वनडे वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारतीय टीम टी20 फॉर्मेट में भी अपनी सफलता दोहराना चाहेगी। हालांकि, 2024 के टी20 विश्व कप में टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था और हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम सेमीफाइनल तक नहीं पहुंच सकी थी।
इसके बावजूद पिछले कुछ समय में भारतीय टीम ने टी20 क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है। इसी साल टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को उसके घर में तीन मैचों की टी20 सीरीज में हराया था। हालांकि, अप्रैल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली गई पांच मैचों की टी20 सीरीज में भारतीय टीम को 1-4 से हार का सामना करना पड़ा था।



