चक्रवर्ती-नारायण की फिरकी में फंसी हैदराबाद, केकेआर की लगातार तीसरी जीत
कोलकाता नाइट राइडर्स ने वरुण चक्रवर्ती (तीन विकेट) और सुनील नारायण (दो विकेट) की शानदार गेंदबाजी के बाद अंगकृष रघुवंशी (59 रन) के अर्धशतक से यहां आईपीएल मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को सात विकेट से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की।
फॉर्म में लौट चुके चक्रवर्ती और नारायण की बेहतरीन गेंदबाजी से केकेआर ने धीमी पिच का पूरा फायदा उठाया और सनराइजर्स हैदराबाद को सिर्फ 165 रन पर समेट दिया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए रघुवंशी (पांच चौके, दो छक्के) और कप्तान अजिंक्य रहाणे (43 रन) ने दूसरे विकेट के लिए 11 ओवर में 84 रन की अहम साझेदारी की। इस साझेदारी की बदौलत टीम ने 10 गेंद शेष रहते 169 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। फिन एलेन ने 29 रन का योगदान दिया।

रिंकू सिंह ने नाबाद 22 रन बनाकर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई और सनराइजर्स हैदराबाद की लगातार पांच जीत की लय को तोड़ दिया। सनराइजर्स हैदराबाद 12 अंकों के साथ अंक तालिका में तीसरे स्थान पर है, जबकि केकेआर सात अंकों के साथ आठवें स्थान पर बना हुआ है।
नारायण ने अपने 197वें मैच में आईपीएल में 200 विकेट पूरे कर एक खास उपलब्धि हासिल की। इस उपलब्धि को हासिल करने वाले अन्य गेंदबाजों में भुवनेश्वर कुमार (199 मैच में 215 विकेट) और युजवेंद्र चहल (182 मैच में 228 विकेट) शामिल हैं।
छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए केकेआर ने चौथे ओवर में ही ‘इम्पैक्ट’ खिलाड़ी एलेन का विकेट गंवा दिया, उस समय टीम का स्कोर 49 रन था। इसके बाद रहाणे और रघुवंशी ने पारी को संभालते हुए दूसरे विकेट के लिए 84 रन जोड़े।

रहाणे, जिन्होंने पिछले आठ मैचों में शीर्ष क्रम में बल्लेबाजी करते हुए केवल एक अर्धशतक लगाया है, ने अपनी पारी में चार चौके और एक छक्का लगाया। इससे पहले इस सत्र में सनराइजर्स हैदराबाद पहली बार ऑल आउट हुई। उसके लिए ट्रेविस हेड ने 61 रन बनाकर लगातार दूसरा अर्धशतक जड़ा।
केकेआर ने बीच के ओवरों में शानदार वापसी की, जिसके चलते सनराइजर्स हैदराबाद ने अंतिम 10 ओवरों में सिर्फ 60 रन बनाए और नौ विकेट गंवा दिए। टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद ने आक्रामक शुरुआत की। पावरप्ले में अभिषेक शर्मा (15 रन) का विकेट गंवाने के बावजूद टीम ने एक विकेट पर 77 रन बना लिए थे। इस दौरान टीम के स्कोर में सबसे बड़ा योगदान हेड (नौ चौके, तीन छक्के) का रहा।

हेड को ईशान किशन (42 रन) का अच्छा साथ मिला। यह लगातार तीसरा मैच था जब सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले 10 ओवरों में 100 से अधिक रन बनाए। हेड ने अभिषेक के साथ पहले विकेट के लिए 3.4 ओवर में 44 रन और फिर किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 61 रन जोड़े।
वैभव अरोड़ा के दूसरे ओवर में हेड ने चार चौके लगाए। उन्होंने नारायण के खिलाफ भी आक्रामक रुख अपनाया और तीसरे ओवर में एक छक्का व एक चौका जड़ा। पांचवें ओवर में कैमरन ग्रीन के खिलाफ भी उन्होंने तीन चौके लगाए।
हालांकि, नौवें ओवर की आखिरी गेंद पर चक्रवर्ती ने हेड को आउट कर मैच का रुख बदल दिया। इसके बाद बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई। खतरनाक हेनरिक क्लासेन (11 रन) भी जल्द आउट हो गए। ग्रीन की गेंद पर रोवमैन पॉवेल ने शानदार कैच लेकर उन्हें पवेलियन भेजा।
पॉवेल ने डीप मिडविकेट पर अपनी दाईं ओर दौड़ते हुए हवा में छलांग लगाकर एक हाथ से शानदार कैच लपका, हालांकि इस दौरान उनका सिर जमीन से टकरा गया। यह इस सत्र में क्लासेन का सबसे कम स्कोर रहा। चक्रवर्ती ने लगातार दो ओवरों में रविचंद्रन स्मरण और अनिकेत वर्मा को आउट कर अपने तीन विकेट पूरे किए।
इसके बाद अनुभवी नारायण ने 16वें ओवर में किशन को आउट कर आईपीएल में अपना 200वां विकेट हासिल किया। कार्तिक त्यागी ने भी दो विकेट झटके।



