चेन्नई सुपर किंग्स की वापसी में गायकवाड़ की अहम भूमिका, फ्लेमिंग ने की जमकर तारीफ
चेन्नई सुपर किंग्स के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा कि रुतुराज गायकवाड़ ने फैसले लेने में काफी निरंतरता दिखाई है और इसका बड़ा श्रेय उनकी बल्लेबाजी की शानदार फॉर्म को दिया जा सकता है।
आईपीएल की शुरुआत में खराब प्रदर्शन करने वाले गायकवाड़ ने पिछले दो मैचों में क्रमशः नाबाद 74 रन और नाबाद 67 रन बनाए। इसके चलते सीएसके ने अपने पिछले पांच मुकाबलों में से तीन में जीत हासिल की और अंक तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गई।
शनिवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ सीएसके की आठ विकेट से जीत के बाद फ्लेमिंग ने कहा, ‘‘वह हर मैच के साथ लगातार बेहतर हो रहा है। शुरुआत थोड़ी धीमी थी, लेकिन पिछले कुछ मैचों में उसने बेहतरीन प्रदर्शन किया है।’’ पिछले 18 सत्रों से सीएसके के कोच रहे फ्लेमिंग का यह भी मानना है कि गायकवाड़ के बल्लेबाजी में अच्छे प्रदर्शन ने उन्हें कप्तान के रूप में भी आत्मविश्वास दिया है।

फ्लेमिंग ने कहा, ‘‘कप्तानी में सफलता के लिए बल्लेबाजी में अच्छा प्रदर्शन बहुत अहम होता है। पिछले दो मैचों में उसने शानदार फॉर्म दिखाई है। मुझे लगता है कि यह उसके सही फैसलों का परिणाम है। इसलिए दोनों जिम्मेदारियों को निभाना और अगर किसी एक में प्रदर्शन अच्छा न हो तो भी दोनों को लेकर सकारात्मक रवैया बनाए रखना बहुत जरूरी है।’’
उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि शुरुआती मैचों में गायकवाड़ बल्लेबाज के तौर पर दबाव में थे, क्योंकि वह अपने पहले सात मैचों में 30 रन का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए थे। फ्लेमिंग ने कहा, ‘‘वह काफी दबाव में था। उसकी बल्लेबाजी पर काफी दबाव था और इसका असर उसकी कप्तानी पर भी सवालों के रूप में दिखने लगा था।’’
फ्लेमिंग इस बात से भी खुश दिखे कि उन्होंने कार्तिक शर्मा को सही समय पर भेजकर इम्पैक्ट प्लेयर का अच्छा इस्तेमाल किया। सीएसके से 14 करोड़ रुपये से अधिक की कीमत पर जुड़े इस युवा खिलाड़ी ने 160 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नाबाद अर्धशतक लगाया।
उन्होंने कहा, ‘‘वह एक शानदार खिलाड़ी है और नीलामी में उसकी कीमत भी काफी अधिक थी, और दूसरे लोग भी यही मानते हैं। उसने आज अपने कौशल और जज़्बे का अच्छा प्रदर्शन किया है और उम्मीद है कि वह आगे भी ऐसा ही खेल जारी रखेगा।’’



