थॉमस और उबर कप में भारतीय महिला टीम ने यूक्रेन को 4-1 से हराया

कोपेनहेगन (डेनमार्क) : थॉमस और उबर कप में भारतीय बैडमिंटन टीम का अब तक प्रदर्शन अच्छा रहा है। डेनमार्क के हॉर्सेंस में ग्रुप ए के अपने दूसरे मुकाबले में भारतीय महिला बैडमिंटन टीम ने यूक्रेन को 4-1 से हराकर उबर कप 2026 में अपनी पहली जीत दर्ज कर ली। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में अपनी उम्मीदें बरकरार रखी हैं।
विश्व बैडमिंटन रैंकिंग में 23वें स्थान पर मौजूद उन्नति हुडा ने भारतीय टीम को शानदार शुरुआत दिलाते हुए यूक्रेन की खिलाड़ी पोलिना बुहरोवा को 21-19, 22-20 से हराया। इसके बाद विश्व रैंकिंग में 35वें स्थान पर मौजूद तन्वी शर्मा ने यूक्रेन की येवहेनिया कान्तेमीर को 21-12, 17-21, 21-10 से हराकर बढ़त 2-0 कर दी।
भारतीय टीम ने सिंग्लस में दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु को आराम दिया और उनकी जगह देविका सिहाग को उतारा। उन्होंने तीसरे मैच में यूक्रेन की खिलाड़ी मारिया स्टोलियारेन्को को 23-21, 21-13 से हराकर भारत की बढ़त को 3-0 कर दिया।
भारतीय टीम को एक मात्र झटका महिला युगल में लगा, जहां भारत की कविप्रिया सेल्वम और सिमरन सिंघी को यूक्रेन की पोलिना बुहरोवा और कान्तेमीर की जोड़ी ने 21-11, 21-17 से हरा दिया।
हालांकि, इसके बाद तनीषा क्रास्टो और पीवी सिंधु ने युगल मुकाबले में यूक्रेन की जोड़ी सोफिया लावरोवा और मारिया स्टोलियारेन्को को 21-18, 21-15 से हरा कर भारत को 4-1 से मुकाबला जिता दिया।
इससे पहले भारतीय महिला बैडमिंटन टीम को ग्रुप-ए के पहले मुकाबले में डेनमार्क से 3-2 से हार मिली थी। भारत का अगला मुकाबला सोमवार को चीन से होगा।
थॉमस कप में भारतीय पुरुष टीम ने अपने अभियान की शुरुआत ग्रुप-ए में कनाडा पर 4-1 की जीत के साथ की और अब सोमवार को उसका सामना ऑस्ट्रेलिया से होगा।



