ड्रेसिंग रूम में ‘कैप्टन कूल’ का क्यूट अंदाज़, वायरल हुआ एमएस धोनी का वीडियो
आईपीएल 2026 के आगाज से पहले एक बार फिर चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान एमएस धोनी के संन्यास को लेकर चर्चा फिर शुरू हो गई है। भारत के महान कप्तानों में शुमार धोनी ने इंटरनेशनल क्रिकेट से 6 साल पहले ही संन्यास ले लिया है लेकिन 44 की उम्र में भी वह आईपीएल में खेल रहे हैं।
पिछले कुछ सीजन से वह फैंस के लिए मैदान पर खेलते हुए नजर आ रहे हैं। पूर्व क्रिकेटर्स के मुताबिक धोनी का पीली जर्सी में ये आखिरी सीजन हो सकता है।
चेन्नई सुपर किंग्स ने रविवार को चेपॉक में एक इवेंट का आयोजन किया, जिसमें टीम के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर शामिल हुए। इस दौरान एमएस धोनी का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह सरफराज खान के बच्चे के साथ मस्ती करते हुए दिख रहे हैं।

चेन्नई सुपर किंग्स के स्टार बल्लेबाज एमएस धोनी इवेंट के दौरान अपने पुराने साथियों से मिलकर काफी खुश दिख रहे थे। धोनी का ड्रेसिंग रूम के अंदर का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह सरफराज खान के बेटे के साथ मस्ती करते हुए नजर आए।
धोनी सरफराज के बेटे को अपनी गोदी में लिए हुए थे और अपने दाएं हाथ में मौजूद टेनिस बॉल को बच्चे से निकालने के लिए कह रहे थे। बच्चे ने उनके हाथ से गेंद को निकाला और सामने फेंक दिया। धोनी बच्चे को ऊपर उठाने की कोशिश कर रहे थे, उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
ऋतुराज गायकवाड़ के नेतृत्व में चेन्नई सुपर किंग्स अपने आईपीएल 2026 अभियान की शुरुआत 30 मार्च को गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच के साथ करेगा। उनका पहला घरेलू मैच 3 अप्रैल को पंजाब किंग्स के खिलाफ है। सीएसके लीग की सबसे लोकप्रिय फ्रेंचाइजी में से एक है, जिसने पांच बार खिताब जीता है।
MS Dhoni playing with Sarfaraz Khan's baby. 🥹 pic.twitter.com/Yjaf16VrpA
— Johns. (@CricCrazyJohns) March 22, 2026
चेन्नई सुपर किंग्स ने रविवार को भारत के पूर्व हरफनमौला सुरेश रैना और आस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज मैथ्यू हेडन को टीम के पहले ‘हाल आफ फेम’ में शामिल किया। यह घोषणा एम ए चिदंबरम स्टेडियम पर टीम के प्रशंसकों के लिये विशेष कार्यक्रम ‘ रोअर 26’ के दौरान की गई।
रैना 2008 से 2021 तक चेन्नई टीम का हिस्सा थे। वह चार बार आईपीएल में चेन्नई की विजेता टीम (2010, 2011, 2018 और 2021) के सदस्य रहे। प्रशंसकों के बीच ‘चिन्ना थाला’ के नाम से मशहूर रैना 2010 और 2014 में चैम्पियंस लीग जीतने वाली चेन्नई टीम में भी थे और 2014 में ‘प्लेयर आफ द टूर्नामेंट’ रहे थे।



