उत्तर प्रदेश के चिन्मय देव चौहान व वंश यादव मुख्य ड्रा में
आइटा पुरुष प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के चिन्मय देव चौहान व वंश यादव ने आइटा पुरुष प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट में क्वालीफाइंग मुकाबलों में जीत के साथ मुख्य ड्रा में स्थान सुरक्षित किया।
एक लाख रुपए की प्राइजमनी वाले टूर्नामेंट का आयोजन एसडीएस टेनिस अकादमी द्वारा लामार्टिनियर कॉलेज स्थित लामार्टिनियर लॉन टेनिस फैसिलिटी में किया जा रहा है। रविवार को क्वालीफायर के अंतिम राउंड में चिन्मय ने यश को 6-0, 6-0 से और वंश यादव ने अक्षित को 6-1, 6-3 से हराया।
इसी के साथ दिल्ली के रिकी चौधरी, हरियाणा के सुनील कुमार व हर्ष , पंजाब के जसराज, केरल के कौशिक, राजस्थान के अमित ने भी मुख्य ड्रा में जगह बना ली। एसडीएस टेनिस अकादमी के संस्थापक सदस्य पवन सागर ने बताया कि इंडिया पेस्टीसाइड्स लिमिटेड द्वारा प्रायोजित टूर्नामेंट में 23 मार्च मुख्य ड्रा के मैच की शुरुआत सुबह 8:30 बजे होगी।

उन्होंने बताया कि इसी के साथ एक लाख 50 हजार रुपए की प्राइजमनी वाले स्वरुप अग्रवाल टैलेंट हंट टेनिस टूर्नामेंट की शुरुआत भी 23 मार्च को होगी जिसमें अंडर-8, अंडर-10, अंडर-12, अंडर-14, अंडर-16 व अंडर-18 बालक व बालिका के साथ महिला वर्ग में भी स्पर्धाए होंगी जिसके मैच सुबह दस बजे शुरू होंगे। यह टूर्नामेंट भी इंडिया पेस्टीसाइड्स लिमिटेड द्वारा प्रायोजित है।
उल्लेखनीय है कि इंडिया पेस्टीसाइड्स लिमिटेड द्वारा प्रायोजित आइटा पुरुष प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट और टैलेंट हंट टेनिस टूर्नामेंट दो अलग-अलग प्रतियोगिताएं हैं, जिनकी प्राइजमनी क्रमशः एक लाख रुपये और डेढ़ लाख रुपये निर्धारित की गई है।



