थाईलैंड की कंबोडिया पर एयर स्ट्राइक, दो सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया
बैंकॉक : थाईलैंड ने आज सुबह हवाई हमला कर कंबोडिया के दो सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। इसके बाद दोनों देशों के सैनिकों के बीच छह स्थानों पर झड़प होने की सूचना है। रॉयल थाई आर्मी के उप प्रवक्ता कर्नल रिचा सुक्सुवानन ने…

बैंकॉक : थाईलैंड ने आज सुबह हवाई हमला कर कंबोडिया के दो सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। इसके बाद दोनों देशों के सैनिकों के बीच छह स्थानों पर झड़प होने की सूचना है। रॉयल थाई आर्मी के उप प्रवक्ता कर्नल रिचा सुक्सुवानन ने कंबोडिया पर हवाई हमले करने की पुष्टि की है।
बैंकॉक पोस्ट अखबार की खबर के अनुसार रॉयल थाई आर्मी के उप प्रवक्ता कर्नल सुक्सुवानन ने बताया कि गुरुवार सुबह उबोन रत्चथानी प्रांत से छह एफ-16 लड़ाकू विमान तैनात किए गए। इन लड़ाकू विमानों ने कंबोडियाई सैन्य ठिकानों पर हमला किया। उप प्रवक्ता के अनुसार इससे पहले कंबोडियाई सैनिकों ने पूर्वोत्तर प्रांत सुरिन में एक थाई सैन्य अड्डे पर गोलीबारी और रॉकेट दागे। उन्होंने कहा कि थाईलैंड की सेना ने कंबोडिया को माकूल जवाब दिया।
इस बीच, थाईलैंड का गृह मंत्रालय अपने चार प्रांतों के सीमावर्ती इलाकों को एहतियात के तौर पर खाली करवा रहा है। थाईलैंड की सेना के अनुसार सुबह 7.35 बजे सूरीन के फानोम डोंग राक जिले में ता मुएन थॉम मंदिर के खंडहरों के सामने एक कंबोडियाई मानवरहित ड्रोन दिखा। इसके बाद छह कंबोडियाई सैनिक हथियारों से लैस होकर थाई सैन्य अड्डे के सामने कंटीले तारों की बाड़ के पास पहुंचे। सैनिकों ने कंबोडियाई समकक्षों से संघर्ष को और न बढ़ाने का आग्रह किया। उनके न मानने पर सुबह 8.20 बजे ता मुएन खंडहरों से लगभग 200 मीटर पूर्व में स्थित मू पा सैन्य बेस पर गोलीबारी शुरू कर दी।
थाई सेना ने आरोप लगाया कि कंबोडियाई बलों ने आसपास के इलाकों में इस तरह से तोपें तैनात की हैं कि नागरिकों को मानव ढाल के रूप में इस्तेमाल किया जा सके। इसके बाद सुबह 8.50 बजे मंदिर के खंडहरों पर तोपें दागी गईं। लगभग 9.15 बजे कंबोडियाई सैनिकों ने मू पा बेस के पास के इलाके को निशाना बनाकर गोलीबारी की। इस गोलीबारी में एक थाई सैनिक घायल हो गया। सुबह 9.40 बजे कंबोडिया ने सी सा केत प्रांत में डॉन तुआन मंदिर के खंडहरों पर बीएम-21 रॉकेट लॉन्चर दागे। सुबह 9.55 बजे कंबोडियाई सेना ने कथित तौर पर सुरिन के कप चोएंग ज़िले में सीमा क्षेत्र विकास केंद्र के पास एक रिहायशी इलाके में गोलीबारी की। इस गोलीबारी में कम से कम तीन नागरिक घायल हो गए।
यह हमले उबोन रत्चथानी प्रांत में चोंग आन मा सीमा पार के पास एक बारूदी सुरंग विस्फोट में पांच थाई सैनिकों के घायल होने के एक दिन बाद किए गए हैं। घायल थाई सैनिकों में से एक का पैर कट गया है। थाई सेना ने कहा कि ये बारूदी सुरंगें हाल ही में कंबोडिया ने बिछाई हैं। उत्तर-पूर्व के लिए जिम्मेदार द्वितीय क्षेत्र सेना के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल बूनसिन पैडक्लांग ने सीमा सील करने और सुरिन में मंदिर के खंडहरों को बंद करने का आदेश दिया है। यह आदेश गुरुवार सुबह से लागू हो गए।
कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन मानेट ने गुरुवार को फेसबुक पर कहा कि थाई सेना ने ओद्दार मीनचे प्रांत में प्रीह विहियर और ता क्रबेई मंदिरों में कंबोडियाई सैन्य ठिकानों पर हमले किए हैं। हुन मानेट ने कहा कि कंबोडिया शांतिपूर्ण तरीके से मुद्दों को सुलझाना चाहता है। अगर हमला होता है तो उसका जवाब दिया जाएगा।
इससे पहले बुधवार को थाई सरकार ने कंबोडियाई राजदूत हुन सरोउन को निष्कासित कर दिया। थाई दूत को नोम पेन्ह से वापस बुला लिया गया है। बैंकॉक ने संयुक्त राष्ट्र से दखल देने की मांग की है।
उल्लेखनीय है कि थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा तनाव का एक लंबा इतिहास है। मई में हुई झड़प के बाद कंबोडिया ने चार विवादित भूमि क्षेत्रों के समाधान में मदद के लिए हेग स्थित अंतरराष्ट्रीय न्यायालय का रुख किया। थाईलैंड ने कहा कि वह इस मामले में न्यायालय के अधिकार क्षेत्र को मान्यता नहीं देता है।
सम्बंधित ख़बरें
मुंबई पुलिस ने अनमोल बिश्नोई की कस्टडी के लिए महाराष्ट्र सरकार से किया संपर्क
दिल्ली की स्पेशल NIA कोर्ट ने पहले अनमोल बिश्नोई की कस्टडी की मांग वाली मुंबई पुलिस की अर्जी खारिज कर दी थी। केंद्र ने NIA केस में ट्रायल पूरा होने तक अनमोल बिश्नोई को तिहाड़ जेल से ट्रांसफर करने पर रोक लगा दी है। मुंबई पुलिस का मानना है कि बाबा सिद्दीकी की हत्या के पीछे की बड़ी साजिश का पता लगाने के लिए अनमोल बिश्नोई से पूछताछ करना जरूरी है।
नागपुर MLC चुनाव में कांग्रेस ने पलटा पासा, फडणवीस-गडकरी के गढ़ में बीजेपी को हराया; अभिजीत वंजारी की लगातार दूसरी जीत
मतगणना मंगलवार सुबह शुरू हुई और गुरुवार तड़के करीब 40 घंटे से अधिक समय तक चली। शुरुआती दौर में भाजपा उम्मीदवार सुधाकर कोहले आगे थे। दूसरे राउंड की गिनती के बाद कोहले के 60,924 वोट थे, जबकि वंजारी को 56,630 वोट मिले थे। निर्दलीय उम्मीदवार नितेश कराले को 24,249 वोट मिले, लेकिन किसी को भी जीत का कोटा नहीं मिला। इसके बाद दूसरी वरीयता के मतों की गिनती शुरू हुई, जिसमें वंजारी ने बढ़त बनाई और अंततः 67,231 वोटों के साथ जीत हासिल की, जबकि कोहले 63,960 वोटों पर सिमट गए।
दिल्ली SIR में 47.56 लाख वोटरों के नाम कटे, नई एंट्री के लिए आए 2.71 लाख आवेदन
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार, 31 अगस्त से 27 अक्टूबर के बीच Form 6 के कुल 2,71,639 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें सबसे अधिक आवेदन पश्चिमी दिल्ली से आए हैं। दावा और आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया 30 अक्टूबर को समाप्त होने वाली है। दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों के लिए ड्राफ्ट मतदाता सूची 31 अगस्त को प्रकाशित की गई थी।
'नर सेवा-नारायण सेवा' के भाव से जनसेवा कर रही सरकार: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने अफसरों को दिया निर्देश- संवेदनशील व्यवहार के साथ करें पीड़ितों की सहायता
