द इंडियन व्यू

तीन राज्यों में 38 ठिकानों पर छापेमारी, 1424 खाते फ्रीज... ‘ऑपरेशन त्रिशूल’ से 100 करोड़ के हवाला नेटवर्क का खुलासा

Poonam Kumari
October 25, 2026
2 min read
तीन राज्यों में 38 ठिकानों पर छापेमारी, 1424 खाते फ्रीज... ‘ऑपरेशन त्रिशूल’ से 100 करोड़ के हवाला नेटवर्क का खुलासा

विवेक ओझा/ नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने ड्रग्स के अवैध कारोबार के खिलाफ एक और बड़ा और निर्णायक प्रहार किया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार (25 अक्टूबर, 2026) को जानकारी दी कि केंद्रीय एजेंसियों और पूर्वोत्तर राज्यों की पुलिस ने संयुक्त रूप से 'ऑपरेशन त्रिशूल' (Operation Trishul) को अंजाम दिया है, जिससे एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स कार्टेल की कमर टूट गई है।

क्या है पूरा मामला?

गृह मंत्री अमित शाह के अनुसार, 23 अक्टूबर, 2026 को असम, मिजोरम और मणिपुर में एक साथ कुल 38 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की गई। इस बहु-एजेंसी अभियान में अंतरराष्ट्रीय नार्को-कार्टेल के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। जांच एजेंसियों ने इस ऑपरेशन के दौरान करीब 100 करोड़ रुपये के हवाला लेनदेन का पर्दाफाश किया है।

क्या-क्या बरामद हुआ?

इस कार्रवाई में एजेंसियों ने कुल 1,424 बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है, जबकि 17.82 करोड़ रुपये की संपत्तियों को कुर्क किया गया है। इसके अलावा, छापेमारी के दौरान 500 डेटोनेटर और 12 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। इस मामले में अब तक कुल 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

क्या है 'डेथ ट्रायंगल कॉरिडोर'?

गृह मंत्री ने बताया कि यह अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स कार्टेल भारत, म्यांमार और बांग्लादेश की सीमाओं के जरिए 'डेथ ट्रायंगल कॉरिडोर' के रास्ते नशीले पदार्थों की तस्करी करता था। यह खुलासा सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।

2029 तक नशा मुक्त भारत का संकल्प

अमित शाह ने अपने संदेश में कहा कि यह कार्रवाई 31 दिसंबर, 2029 तक नशीले पदार्थों के हर नेटवर्क को खत्म करने के भारत के दृढ़ संकल्प को दर्शाती है। उन्होंने कहा, "भारत तब तक प्रहार करता रहेगा जब तक कि नशीले पदार्थों के इन गिरोहों के ताबूत में आखिरी कील नहीं ठोक दी जाती।" सरकार ने 'नशा मुक्त भारत' अभियान के तहत अब तक 35 करोड़ से अधिक लोगों तक पहुंच बनाई है, जिनमें 13.94 करोड़ युवा और 10.86 करोड़ महिलाएं शामिल हैं।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

महर्षि वाल्मीकि की जयंती पर पीएम मोदी ने दीं शुभकामनाएं, कहा- ‘उनके सद्विचार भारतीय संस्कृति और विरासत के मूल तत्व

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “आप सभी को महर्षि वाल्मीकि जयंती की असीम शुभकामनाएं। उनके सद्विचार भारतीय संस्कृति और विरासत के मूल तत्व रहे हैं, जो हर युग में राष्ट्र को पुष्पित-पल्लवित करते रहेंगे। मानवता के लिए उनके अनमोल संदेश देशवासियों के लिए सदैव पथ-प्रदर्शक बने रहेंगे।”

'भारत की पहुंच से दूर नहीं दुश्मन का कोई भी ठिकाना', वायुसेना प्रमुख की पाकिस्तान को सीधी चेतावनी; बोले- ऑपरेशन सिंदूर ने साबित कर दी क्षमता

एयर चीफ मार्शल एपी सिंह के अनुसार, पश्चिमी सीमा पर चार दिनों तक चला ऑपरेशन सिंदूर लगभग 1,200 किलोमीटर की चौड़ाई और 200 किलोमीटर की गहराई तक फैला हुआ था। इस अभियान में भारतीय वायुसेना ने दुश्मन के ठिकानों पर अत्यंत सटीक और मारक प्रहार किए। उन्होंने कहा कि इस ऑपरेशन ने देश के प्राथमिक जवाबी रक्षक और एक मजबूत रणनीतिक निवारक के रूप में वायु शक्ति की निर्णायक भूमिका को एक बार फिर साबित कर दिया है।

रेल मंत्री वैष्णव शनिवार को सतना–देवेंद्रनगर और रीवा–चुरहट रेलखंडों का वर्चुअली करेंगे उद्घाटन

देवेंद्रनगर–चुरहट ट्रेन सेवा को दिखाएंगे हरी झंडी; आजादी के बाद पहली बार सीधी जिला रेल नेटवर्क से जुड़ेगा