द इंडियन व्यू

खेलो इंडिया यूथ गेम्स के लिए तेलंगाना तैयार, पीएम मोदी को सीएम रेड्डी ने दिया न्योता

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आठवें खेलो इंडिया यूथ गेम्स में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। इन खेलों का आयोजन 11 से 22 दिसंबर तक तेलंगाना में किया जाएगा।

Prakhar
November 15, 2026
3 min read
खेलो इंडिया यूथ गेम्स के लिए तेलंगाना तैयार, पीएम मोदी को सीएम रेड्डी ने दिया न्योता

नई दिल्ली। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आठवें खेलो इंडिया यूथ गेम्स में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। इन खेलों का आयोजन 11 से 22 दिसंबर तक तेलंगाना में किया जाएगा।

‘नीलमणि’ तेलंगाना की सांस्कृतिक पहचान और गौरव का प्रतीक; 11 से 22 दिसंबर तक छह शहरों में आयोजित होंगे खेल

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया के साथ प्रधानमंत्री से मुलाकात की। इसके बाद दोनों ने खेलों के लोगो और शुभंकर का संयुक्त रूप से अनावरण किया।

पहली बार खेलो इंडिया यूथ गेम्स की मेजबानी कर रहा तेलंगाना हैदराबाद, खम्मम, करीमनगर, हनमकोंडा, महबूबनगर और निजामाबाद सहित छह शहरों में लगभग 8,000 खिलाड़ियों और अन्य प्रतिभागियों का स्वागत करेगा।

इस अवसर पर तेलंगाना के मंत्री वाकिटी श्रीहरि और एन उत्तम कुमार रेड्डी, खेल सलाहकार एवं तेलंगाना ओलंपिक संघ के अध्यक्ष एपी जितेंद्र रेड्डी, मुख्य सचिव संजय जाजू, केंद्रीय खेल सचिव हरि रंजन राव, संयुक्त सचिव वीनिल कृष्णा, खेल विभाग की विशेष मुख्य सचिव वाणी प्रसाद, उपाध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. सोनीबाला देवी सहित केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने कहा, “खेलो इंडिया यूथ गेम्स की मेजबानी करना तेलंगाना के लिए गर्व का क्षण है। हम युवा खिलाड़ियों को सफलता के लिए जरूरी प्रशिक्षण, शिक्षा और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

छह शहरों में इन खेलों का आयोजन अधिक से अधिक युवाओं को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित करेगा। हमारा लक्ष्य ओलंपिक पदक विजेता तैयार करना और भविष्य में ओलंपिक खेलों की मेजबानी करना है।”

रेड्डी ने खेलों की मेजबानी का अवसर देने के लिए केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया का आभार जताया। उन्होंने प्रधानमंत्री के विकसित भारत के विजन के तहत नशामुक्त युवा के संकल्प को साकार करने में खेलों की भूमिका पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को नशे और मादक पदार्थों के सेवन से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

खेलों का शुभंकर ‘नीलमणि’ युवाओं की ऊर्जा, साहस, फुर्ती और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है। इसके नीले और फिरोजी रंग के पंख स्वतंत्रता और आत्मविश्वास को दर्शाते हैं, जबकि इसकी कलगी, आंखें और चोंच गति, एकाग्रता और नेतृत्व क्षमता का संदेश देती हैं।

खेलों के लोगो में खिलाड़ियों की विभिन्न खेल मुद्राओं के साथ तेलंगाना के ऐतिहासिक स्थलों और सांस्कृतिक प्रतीकों को शामिल किया गया है। इनमें काकतीय कला तोरणम, हुसैन सागर झील स्थित बुद्ध प्रतिमा, तंगेडु फूल और बापू घाट पर प्रस्तावित गांधी टावर प्रमुख हैं।

लोगो के साथ दी गई टैगलाइन ‘खेल का जुनून, तेलंगाना की जान और पहचान’ राज्य की पहचान में खेलों के महत्व को रेखांकित करती है। इन खेलों में 27 प्रतिस्पर्धात्मक खेलों के अलावा दो प्रदर्शन खेल शामिल होंगे।

सॉफ्टबॉल पहली बार प्रतिस्पर्धात्मक खेल के रूप में शामिल किया गया है, जबकि सेलिंग और कर्रा सामू को प्रदर्शन खेलों में जगह दी गई है। इससे युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के अतिरिक्त अवसर मिलेंगे।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

क्रिकेट के अगले बड़े आयोजनों का शेड्यूल तय, भारत को मिली दोहरी मेजबानी

आईसीसी ने रविवार को 2035 तक होने वाले मुख्य पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट के आयोजन की ‘विंडो’ को मंजूरी दे दी जिसके अंर्तगत भारत नौ से 28 अक्टूबर 2029 तक चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करेगा जबकि 2031 में नौ अक्टूबर से 23 नवंबर तक होने वाले वनडे विश्व कप की संयुक्त मेजबानी करेगा।

अंकुर कपूर ने 35+ में जीते दोहरे खिताब, 65+ में दीपक व अजय युगल चैंपियन

अंकुर कपूर ने तृतीय एसबी लाल एडवोकेट मेमोरियल वेटरन टेनिस टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाते हुए 35 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के एकल व युगल दोनों वर्गो में खिताब अपने नाम किए। वहीं 65 वर्ष से अधिक युगल फाइनल में दीपक पाठक व अजय उपाध्याय की जोड़ी विजेता बनी।

अनूप जैन बने यूपी चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन के नए अध्यक्ष

उत्तर प्रदेश चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन की वार्षिक आम सभा (एजीएम) में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें कानपुर के अनूप जैन को एसोसिएशन का नया अध्यक्ष चुना गया।