द इंडियन व्यू

अनूप जैन बने यूपी चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन के नए अध्यक्ष

उत्तर प्रदेश चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन की वार्षिक आम सभा (एजीएम) में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें कानपुर के अनूप जैन को एसोसिएशन का नया अध्यक्ष चुना गया।

Prakhar
November 15, 2026
3 min read
अनूप जैन बने यूपी चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन के नए अध्यक्ष

कानपुर। उत्तर प्रदेश चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन की वार्षिक आम सभा (एजीएम) में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें कानपुर के अनूप जैन को एसोसिएशन का नया अध्यक्ष चुना गया।

एजीएम में नई कार्यकारिणी का गठन, चार नए जिले एसोसिएशन से जुड़े

वहीं लखनऊ के राजेश कुमार साही, वाराणसी के दीपक बजाज और कानपुर देहात के अरविंद सिंह को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। कार्यकारिणी में गाजियाबाद के सुरेंद्र कुमार और कानपुर के अभिषेक तिवारी को नए सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।

कानपुर स्थित केडीएमए वर्ल्ड स्कूल में आयोजित एजीएम में प्रदेश के 35 जिलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान लखनऊ के एके रायजादा को सचिव चुना गया जबकि कोषाध्यक्ष विनय आनंद, चारों सहायक सचिव और अन्य सदस्यों को उनके पूर्व पदों पर पुनः चुना गया।

एजीएम में ऑल इंडिया चेस फेडरेशन के पूर्व अध्यक्ष एवं फिडे जोन 3.7 के अध्यक्ष डॉ. संजय कपूर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने बताया कि एसोसिएशन से चार नए जिलों कानपुर देहात, अंबेडकर नगर, फर्रुखाबाद और औरैया को जोड़ा गया है। इसके साथ ही प्रदेश में एसोसिएशन से जुड़े जिलों की संख्या बढ़कर 51 हो गई है।

वाराणसी में होगी 30 लाख रुपये की इनामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता

डॉ. संजय कपूर ने बताया कि एसोसिएशन की ओर से इस महीने 29 नवंबर से 9 दिसंबर तक वाराणसी में ऑल इंडिया ओपन नेशनल चेस चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। कुल 30 लाख रुपए की इनामी राशि वाली इस चैंपियनशिप में देश के शीर्ष शतरंज खिलाड़ियों के हिस्सा लेने की उम्मीद है। इसके अलावा अगले वर्ष जून-जुलाई में कानपुर में प्रदेश की पहली ग्रैंडमास्टर चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा।

पांच जोन में चलेगा चेस इन स्कूल कार्यक्रम

नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनूप जैन ने प्रदेश में शतरंज के विस्तार और स्कूली स्तर पर इस खेल को प्रोत्साहित करने के लिए चेस इन स्कूल कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से संचालित करने की बात कही। इसके लिए प्रदेश को पांच जोन में बांटा गया है। सहायक सचिव अतुल कुमार निगम को इसके लिए कन्वीनियर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में शतरंज को जमीनी स्तर पर बढ़ावा देने के प्रयासों के तहत पिछले वर्ष ग्रामीण स्कूलों में तीन हजार से अधिक शतरंज बोर्ड वितरित किए गए थे। एजीएम में मौजूद कानपुर के ग्रैंडमास्टर दिनेश शर्मा ने भी प्रदेश में शतरंज के विस्तार के लिए शिक्षकों को प्रशिक्षण देने की जिम्मेदारी निभाने की सहमति जताई।

इस अवसर पर एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष विनय आनंद, कानपुर चेस एसोसिएशन के सचिव दिलीप श्रीवास्तव, संजय तिवारी, दिनेश कटियार और सुशील वाधवानी सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

खेलो इंडिया यूथ गेम्स के लिए तेलंगाना तैयार, पीएम मोदी को सीएम रेड्डी ने दिया न्योता

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आठवें खेलो इंडिया यूथ गेम्स में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। इन खेलों का आयोजन 11 से 22 दिसंबर तक तेलंगाना में किया जाएगा।

क्रिकेट के अगले बड़े आयोजनों का शेड्यूल तय, भारत को मिली दोहरी मेजबानी

आईसीसी ने रविवार को 2035 तक होने वाले मुख्य पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट के आयोजन की ‘विंडो’ को मंजूरी दे दी जिसके अंर्तगत भारत नौ से 28 अक्टूबर 2029 तक चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करेगा जबकि 2031 में नौ अक्टूबर से 23 नवंबर तक होने वाले वनडे विश्व कप की संयुक्त मेजबानी करेगा।

अंकुर कपूर ने 35+ में जीते दोहरे खिताब, 65+ में दीपक व अजय युगल चैंपियन

अंकुर कपूर ने तृतीय एसबी लाल एडवोकेट मेमोरियल वेटरन टेनिस टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाते हुए 35 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के एकल व युगल दोनों वर्गो में खिताब अपने नाम किए। वहीं 65 वर्ष से अधिक युगल फाइनल में दीपक पाठक व अजय उपाध्याय की जोड़ी विजेता बनी।