भारतीय विमानन क्षेत्र को मिले 1,331 नए कमर्शियल पायलट, सरकार ने संसद में दी जानकारी
नई दिल्ली ( राघवेंद्र प्रताप सिंह) : भारत में विमानन क्षेत्र के तेजी से विस्तार के बीच वर्ष 2026 के पहले छह महीनों (जनवरी-जून) में 1,331 कमर्शियल पायलट लाइसेंस (CPL) जारी किए गए। सरकार के अनुसार, इनमें से 540 पायलटों ने…
नई दिल्ली ( राघवेंद्र प्रताप सिंह) : भारत में विमानन क्षेत्र के तेजी से विस्तार के बीच वर्ष 2026 के पहले छह महीनों (जनवरी-जून) में 1,331 कमर्शियल पायलट लाइसेंस (CPL) जारी किए गए। सरकार के अनुसार, इनमें से 540 पायलटों ने विदेशों के फ्लाइंग ट्रेनिंग संस्थानों से प्रशिक्षण प्राप्त किया, जो कुल लाइसेंसधारकों का लगभग 41 प्रतिशत है।
राज्यसभा में एक लिखित जवाब में सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने बताया कि नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने 30 जून 2026 तक भारत के फ्लाइंग ट्रेनिंग संगठनों (FTOs) से प्रशिक्षण प्राप्त 791 कैडेटों और विदेशों के FTOs से प्रशिक्षित 540 कैडेटों को कमर्शियल पायलट लाइसेंस जारी किए हैं।
सरकार के अनुसार, भारतीय एयरलाइंस लगातार अपने बेड़े और उड़ान नेटवर्क का विस्तार कर रही हैं। इससे आने वाले वर्षों में हजारों नए पायलटों की आवश्यकता होने की संभावना है।
मंत्री ने बताया कि 2025 में DGCA ने 1,652 CPL जारी किए थे। इसके मुकाबले 2024 में 1,347, 2023 में 1,622 और 2022 में 1,165 कमर्शियल पायलट लाइसेंस जारी किए गए थे। इससे स्पष्ट है कि पिछले कुछ वर्षों में पायलट लाइसेंस जारी करने की संख्या लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में भारत में DGCA से मान्यता प्राप्त 41 फ्लाइंग ट्रेनिंग संगठन (FTOs) संचालित हैं, जो 63 प्रशिक्षण केंद्रों पर काम कर रहे हैं। इनके पास 400 से अधिक प्रशिक्षण विमान उपलब्ध हैं।
DGCA के नियमों के अनुसार, फ्लाइंग ट्रेनिंग संस्थानों में विमान, प्रशिक्षक और छात्रों का अनुपात 1:1:10 होना चाहिए। मौजूदा व्यवस्था के तहत देश में एक समय में लगभग 3,500 प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण देने की क्षमता है।
सरकार ने बताया कि पायलट प्रशिक्षण को मजबूत बनाने के लिए फ्लाइंग ट्रेनिंग संगठनों की मंजूरी और निगरानी प्रक्रिया को सरल बनाया गया है। साथ ही प्रशिक्षण नियमों में भी बदलाव किए गए हैं, ताकि प्रशिक्षण क्षमता और परिचालन दक्षता में सुधार हो सके।
सरकार का मानना है कि भारतीय विमानन क्षेत्र में हो रहे तेज विस्तार और एयरलाइंस द्वारा बड़ी संख्या में विमान खरीदने के कारण भविष्य में प्रशिक्षित पायलटों की मांग और बढ़ेगी।
सम्बंधित ख़बरें
मुंबई पुलिस ने अनमोल बिश्नोई की कस्टडी के लिए महाराष्ट्र सरकार से किया संपर्क
दिल्ली की स्पेशल NIA कोर्ट ने पहले अनमोल बिश्नोई की कस्टडी की मांग वाली मुंबई पुलिस की अर्जी खारिज कर दी थी। केंद्र ने NIA केस में ट्रायल पूरा होने तक अनमोल बिश्नोई को तिहाड़ जेल से ट्रांसफर करने पर रोक लगा दी है। मुंबई पुलिस का मानना है कि बाबा सिद्दीकी की हत्या के पीछे की बड़ी साजिश का पता लगाने के लिए अनमोल बिश्नोई से पूछताछ करना जरूरी है।
नागपुर MLC चुनाव में कांग्रेस ने पलटा पासा, फडणवीस-गडकरी के गढ़ में बीजेपी को हराया; अभिजीत वंजारी की लगातार दूसरी जीत
मतगणना मंगलवार सुबह शुरू हुई और गुरुवार तड़के करीब 40 घंटे से अधिक समय तक चली। शुरुआती दौर में भाजपा उम्मीदवार सुधाकर कोहले आगे थे। दूसरे राउंड की गिनती के बाद कोहले के 60,924 वोट थे, जबकि वंजारी को 56,630 वोट मिले थे। निर्दलीय उम्मीदवार नितेश कराले को 24,249 वोट मिले, लेकिन किसी को भी जीत का कोटा नहीं मिला। इसके बाद दूसरी वरीयता के मतों की गिनती शुरू हुई, जिसमें वंजारी ने बढ़त बनाई और अंततः 67,231 वोटों के साथ जीत हासिल की, जबकि कोहले 63,960 वोटों पर सिमट गए।
दिल्ली SIR में 47.56 लाख वोटरों के नाम कटे, नई एंट्री के लिए आए 2.71 लाख आवेदन
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार, 31 अगस्त से 27 अक्टूबर के बीच Form 6 के कुल 2,71,639 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें सबसे अधिक आवेदन पश्चिमी दिल्ली से आए हैं। दावा और आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया 30 अक्टूबर को समाप्त होने वाली है। दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों के लिए ड्राफ्ट मतदाता सूची 31 अगस्त को प्रकाशित की गई थी।
'नर सेवा-नारायण सेवा' के भाव से जनसेवा कर रही सरकार: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने अफसरों को दिया निर्देश- संवेदनशील व्यवहार के साथ करें पीड़ितों की सहायता
