शीर्ष अमेच्योर खिलाड़ी बनकर उभरी मन्नत बराड़, इंग्लैंड की लिज यंग ने जीता खिताब
मन्नत बराड़ हीरो महिला इंडियन ओपन गोल्फ में रविवार को चौथे और आखिरी दौर के बाद संयुक्त 11वें स्थान के साथ भारतीय खिलाड़ियों में सर्वश्रेष्ठ और शीर्ष अमेच्योर खिलाड़ी बन कर उभरी। इंग्लैंड की लिज यंग ने एक शॉट की बढ़त के साथ इस खिताब को जीता।

मन्नत ने आखिरी दौर में दो अंडर 70 के कार्ड के साथ कुल चार ओवर 292 कर स्कोर बनाया। प्रणवी उर्स और हिताशी बख्शी उन से दो स्ट्रोक पीछे संयुक्त 15वें स्थान पर रहीं। त्वेसा मलिक नौ-ओवर 297 के स्कोर के साथ संयुक्त 26वें, रिधिमा दिलावरी और वाणी कपूर दस ओवर 298 के साथ संयुक्त रूप से 31वें स्थान पर रहीं।
लिज ने आखिरी दिन 72 का कार्ड खेला। उनका कुल स्कोर दो अंडर 286 रहा। 23 अक्टूबर को अपना 42वां जन्मदिन मनाने वाली ब्रिटेन की इस खिलाड़ी ने दूसरे स्थान पर संयुक्त रूप से काबिज चार प्लेयर्स पर एक शॉट की बढ़त के साथ लेडीज यूरोपीय टूर पर दूसरा खिताब जीता।