लॉर्ड्स टेस्ट : ऑस्ट्रेलिया की सीरीज में 2-0 से बढ़त, काम नहीं आई बेन स्टोक्स की पारी
नई दिल्ली : लॉर्ड्स में एशेज सीरीज के दूसरे टेस्ट के पांचवे दिन ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 43 रन से मात दी। ऑस्ट्रेलिया ने इस जीत के साथ टेस्ट सीरीज में 2-0 से बढ़त बनाई। ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को जीत के लिए 371 रन का टारगेट दिया था।
जवाब में इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स की जूझारू शतकीय पारी के बावजूद टेस्ट मैच के पांचवें दिन सभी विकेट गिराने पर 320 रन ही बना सकी। ऑस्ट्रेलिया ने पहले टेस्ट में इंग्लैंड को 2 विकेट से मात दी थी। ऑस्ट्रेलिया ने पांचवें दिन के शुरूआती सत्र में बेन डकेट (83) और जॉनी बेयरस्टो (10) को चलता किया।

बेयरस्टो विवादित तरीके से रन आउट हो गए, जिसके बाद स्टेडियम में मौजूद घरेलू दर्शकों ने ऑस्ट्रेलिया के प्लेयर्स पर बेईमानी करने का आरोप लगाया। लंच के विश्राम के लिए जब टीम के खिलाड़ी पवेलियन की ओर जा रहे थे तब भी दर्शक ‘धोखेबाज, धोखेबाज’ का नारा लगा रहे थे।
ड्रेसिंग रूम के रास्ते में ‘लॉन्ग रूम’ में एक दर्शक ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी के साथ मौखिक रूप से दुर्व्यवहार भी किया। बेयरस्टो ने कैमरून ग्रीन की बाउंसर गेंद को विकेटकीपर के हाथों में जाना दिया। इसके बाद गेंद को ‘डेड’ होने से पहले ही क्रीज से निकल कर दूसरे छोर पर खड़े अपने साथी के पास जाने लगे, विकेटकीपर एलेक्स कैरी ने गेंद को स्टंप पर मार दिया।
बेयरस्टो इससे भौचक्के रह गये और मैदानी अंपायर ने तीसरे अंपायर की ओर इशारा किया। तीसरे अंपायर ने रीप्ले देखने के बाद उन्हें आउट करार दिया। बेयरस्टो निराशा में अपना सिर हिलाते पवेलियन की ओर चल दिये। स्टोक्स ने इस फैसले के खिलाफ मैदानी अंपायरों के सामने अपना गुस्सा जाहिर किया।
इस बीच लॉर्ड्स में मौजूद दर्शक ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए ‘धोखेबाज…धोखेबाज…’ का नारा लगाने लगे। स्टोक्स ने ग्रीन पर अपना गुस्सा निकालते हुए उनकी ओवर में तीन चौके मारे। उन्होंने इस गेंदबाज के अगले ओवर में चौका और हैट्रिक छक्का मारकर अपना शतक पूरा किया। इस ओवर से इंग्लैंड ने 24 रन बटोरे।
स्टोक्स ने 62 रन से शतक तक पहुंचने में केवल 16 गेंद लिये। उन्होंने इससे पहले डकेट के साथ पांचवें विकेट के लिए 132 रन की साझेदारी कर मैच में इंग्लैंड की वापसी कराई थी। 6 जुलाई से इस टेस्ट सीरीज का तीसरा टेस्ट लीड्स में खेला जाएगा।



