Trending

वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी वेस्टइंडीज

नई दिल्ली : आईसीसी वनडे विश्व कप क्वालीफायर मैच में स्कॉटलैंड ने वेस्टइंडीज को 7 विकेट से हराया। इस हार के साथ वेस्टइंडीज भारत में खेले जाने वाले वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करने से चूक गई है। स्कॉटलैंड के इस जीत के साथ तीन मैचों में चार अंक हुए। हालांकि अब भी उसके 5 अक्टूबर से भारत में होने वाले टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करने की उम्मीदें बरकरार है।

श्रीलंका और जिम्बाब्वे की टीम सुपर-6 में अपने तीनों मैच जीतकर शीर्ष-2 में हैं। मैच की बात करें तो वेस्टइंडीज पहले बल्लेबाजी करते हुए 43.5 ओवर में सभी विकेट खोकर 181 रन ही बना सकी। जवाब में स्कॉटलैंड ने मैथ्यू और ब्रैंडन के अर्धशतक से ये मैच 7 विकेट से जीता. पिछले कुछ समय से वेस्टइंडीज टीम खराब दौर से गुजर रही है।

पिछले वर्ष हुए टी20 वर्ल्ड कप के लिए भी वेस्टइंडीज क्वालीफाई नहीं कर सकी थी। इससे पहले 2017 चैंपियंस ट्रॉफी में भी भाग नहीं ले सकी थी। वेस्टइंडीज दो बार वनडे क्रिकेट (1975,1979) का खिताब जीतने में सफल हुई थी। 1983 में भारतीय टीम वेस्टइंडीज को हराकर पहली बार चैंपियन बनी थी।

स्कॉटलैंड ने 182 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए खराब शुरुआत की। टीम के सलामी बल्लेबाज क्रिस्टोफर मैकब्राइड बिना खाता खोले आउट हो गए। उसके बाद मैथ्यू क्रॉस और ब्रैंडन मैकमुलेन के बीच दूसरे विकेट के लिए शतकीय पार्टनरशिप हुई। ब्रैंडन 106 गेंद में 69 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने एक छक्का और आठ चौका लगाया। इससे पहले वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने फिर निराश किया।

वेस्टइंडीज के चार विकेट 30 के अंदर ही पवेलियन वापस आ गए थे। चार्ल्स और ब्रूक्स खाता नहीं खोल सके। सलामी बल्लेबाज ब्रैंडन किंग 22 रन बनाकर आउट हो गए। कप्तान और विकेटकीपर शाई होप 16 गेंद में 13 रन ही बना सके।

निकोलस पूरन 43 गेंद में 21 रन बनाकर आउट हो गए। 81 के स्कोर पर वेस्टइंडीज का छठा विकेट गिरा। शेफर्ड और होल्डर के बीच अर्धशतकीय पार्टनरशिप हुई। रोमारियो 43 गेंद में 36 रन बनाकर आउट हो गए। होल्डर ने 79 गेंद में 45 रन बनाए।

Related Articles

Back to top button