Trending

विंबलडन 2023 में जोकोविच को शीर्ष वरीयता नहीं, ये दो खिलाड़ी आगे रहे


विंबलडन : चार बार के गत विजेता नोवाक जोकोविच को विंबलडन टेनिस ग्रैंडस्लैम के लिए शीर्ष वरीयता नहीं मिली है बल्कि ऑल इंग्लैंड क्लब ने उम्मीद के अनुरूप एटीपी और डब्ल्यूटीए रैंकिंग के मुताबिक पुरुष वर्ग में कार्लोस अल्काराज और महिला वर्ग में इगा स्वियातेक को नंबर एक वरीयता दी है। अल्काराज पुरुष रैंकिंग में जोकोविच को पछाड़कर शीर्ष पर आ गए थे।

अल्काराज ने क्वींस क्लब में ग्रासकोर्ट की तैयारी वाले टूर्नामेंट में खिताब जीता था जिससे वह शीर्ष रैंकिंग पर आ गए। जोकोविच ने पिछले चार विंबलडन खिताब (कुल सात विंबलडन ट्राफियां) अपनी झोली में डाले हैं। ऑल इंग्लैंड क्लब ने 2022 में रूस और बेलारूस के प्लेयर्स को यूक्रेन पर हमले के कारण टूर्नामेंट से प्रतिबंधित किया था।

इस वर्ष ये खिलाड़ी ग्रैंडस्लैम में खेल सकते हैं। रूसी खिलाड़ी दानिल मेदवेदेव तीसरे वरीय होंगे, बेलारूस की आर्यना सबालेंका को महिलाओं के वर्ग में दूसरी वरीयता मिली है। 11 जून को फ्रेंच ओपन में रिकॉर्ड 23वां ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने के बाद से जोकोविच ने कोई मैच नहीं खेला है जिससे वह रैंकिंग में दूसरे स्थान पर खिसक गए।

फोटो साभार : गूगल

विंबलडन सोमवार से शुरु हो रहा है और 32 पुरुष वरीय प्लेयर्स में कैस्पर रूड चौथी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी हैं। उनके बाद स्टेफानोस सिटसिपास, होल्गर रूने, यानिक सिनर, टेलर फ्रिट्ज और फ्रांसेस टियाफो भी हैं। एक वर्ष पहले उप विजेता रहे निक किर्गियोस को 31वीं वरीयता मिली है। दो बार के विंबलडन चैंपियन एंडी मरे की रैंकिंग 39 है जिससे उन्हें वरीयता नहीं मिली है।

स्वियातेक अप्रैल 2022 के बाद से शीर्ष रैंकिंग पर काबिज हैं और चार ग्रैंडस्लैम खिताब अपने नाम कर चुकी हैं जिसमें से हाल में उन्होंने फ्रेंच ओपन जीता था। वह हालांकि विंबलडन में चौथे दौर से आगे नहीं पहुंच सकी हैं। एलीना रिबाकिना तीसरी वरीय हैं जो आल इंग्लैंड क्लब में 2022 महिला चैंपियन रही थीं। उनके बाद जेसिका पेगुला, कैरोलिन गार्सिया, ओंस जाबेयूर, कोको गॉफ, मारिया सकारी और दो बार की चैंपियन पेत्रा क्वितोवा और बारबोरा क्रेजसिकोवा शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button