40 वर्ष के इतिहास में जिम्बाब्वे ने पहली बार बनाया ये रिकॉर्ड
नई दिल्ली : यूएस के खिलाफ मैच में मेजबान जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 408 रन बनाए। जिम्बाब्वे ने वनडे क्रिकेट में इसी के साथ इतिहास रचा क्योंकि टीम पहली बार 400 रन का आंकड़ा पार करने में सफल रहा। जिम्बाब्वे ने 1983 में अपना पहला वनडे खेला था। 40 वर्ष के इतिहास में वह पहली बार ये कारनामा करने में सफल रही है।
यूएस ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। जिम्बाब्वे चोटिल कप्तान क्रेग एर्विन सहित चार बदलावों के साथ मैदान पर उतरी थी। क्रेग एर्विन की गैरमौजूदगी में टीम की अगुवाई की जिम्मेदारी सीन विलियम्स को सौंपी गई थी।
इससे पहले टीम का वनडे क्रिकेट में हाइएस्ट स्कोर 351 रन का था जो उन्होंने 2009 में केनिया के खिलाफ बनाया था।जिम्बाब्वे को इस स्कोर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण रोल कप्तान सीन विलियम्स ने अदा किया जिन्होंने 174 रनों की पारी खेली। हालांकि वह अपने पहले दोहरे शतक नहीं बना सके।

जिम्बाब्वे की शुरुआत इस मैच में अच्छी रही थी। सलामी बल्लेबाज जॉयलॉर्ड गम्बी (78) और इनोसेंट कैया (32) ने पहले विकेट के लिए 56 रन जोड़े थे। नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरे विलियम्स ने रन बनाने का जिम्मा अपने सिर उठाया। विलियम्स ने तीसरे विकेट के लिए गम्बी के साथ 160 रनों की साझेदारी कर टीम को बड़े स्कोर की राह दिखाई।
विलियम्स ने 101 गेंदों पर 21 चौकों और 5 गगनचुंबी छक्कों से 174 रनों की पारी खेली। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 172.28 का रहा। विलियम्स अपने पहले दोहरे शतक से 26 रनों से चूक गए। विलियम्स की इस पारी के दम पर जिम्बाब्वे निर्धारित 50 ओवर में 6 विकेट गिराने पर 408 रन बनाने में सफल रही।
वनडे क्रिकेट में यह जिम्बाब्वे के किसी भी कप्तान द्वारा खेली गई बड़ी पारी है। इससे पहले यह रिकॉर्ड पूर्व कप्तान ब्रेंडन टेलर के नाम था जिन्होंने 2015 में भारत के खिलाफ 138 रन बनाए थे।
जिम्बाब्वे के कप्तान द्वारा (वनडे क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ पारी)
174-सीन विलियम्स बनाम यूएस, हरारे, 2023
138-ब्रेंडन टेलर बनाम भारत, ऑकलैंड, 2015
128*-ब्रेंडन टेलर बनाम न्यूजीलैंड, हरारे, 2011
121*-क्रेग एर्विन बनाम नेपाल, हरारे, 2023
121-ब्रेंडन टेलर बनाम आयरलैंड, होबार्ट, 2015



