Trending

योगी कैबिनेट की मीटिंग आज, प्रयागराज-चित्रकूट क्षेत्रीय विकास प्राधिकरण को मिल सकती है मंजूरी

लखनऊ ( इंडियन व्यू टीम) : प्रदेश सरकार प्रयागराज और आसपास के जिलों में बेहतर सड़कें, योजनाबद्ध शहर और आधुनिक सुविधाएं प्रदान करने के लिए बड़ा कदम उठाने जा रही है। योगी सरकार प्रयागराज-चित्रकूट क्षेत्रीय विकास प्राधिकरण बनाने की तैयारी में है।

इसके गठन के प्रस्ताव को मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में होने वाली कैबिनेट की बैठक में स्वीकृति मिल सकती है। इसके साथ ही सरकार घुमंतू समाज के विकास के लिए उनका अलग से बोर्ड बनाने जा रही है।

मुख्यमंत्री आवास पांच कालिदास मार्ग में मंगलवार को सुबह साढ़े नौ बजे कैबिनेट की बैठक होगी। इसमें करीब दो दर्जन प्रस्ताव आने की उम्मीद है। इसमें किसानों, श्रमिकों, बुनियादी ढांचे, औद्योगिक निवेश, आइटी, आवास और सामाजिक कल्याण जैसे कई अहम क्षेत्रों से जुड़े प्रस्ताव शामिल हैं।

प्रयागराज-चित्रकूट क्षेत्रीय विकास प्राधिकरण बनाने की योजना :

अहम प्रस्तावों में प्रयागराज-चित्रकूट क्षेत्रीय विकास प्राधिकरण है। इसके दायरे में प्रयागराज, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर, बांदा और हमीरपुर जिले आएंगे। इसका उद्देश्य इन सभी जिलों के विकास की एक साथ योजना बनाना है, ताकि सड़क, आवास, औद्योगिक क्षेत्र, परिवहन और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार बेहतर तरीके से हो सके।

सरकार का मानना है कि अलग-अलग जिलों के बजाय पूरे क्षेत्र को एक इकाई मानकर विकास करने से लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और निवेश भी बढ़ेगा। इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होने के साथ शहरों और कस्बों का विकास भी अधिक व्यवस्थित ढंग से हो सकेगा।

Related Articles

Back to top button