Trending

मप्र के दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा ने आशुतोष तिवारी को घोषित किया उम्मीदवार

दतिया/भोपाल : मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। पार्टी के केन्द्रीय नेतृत्व ने आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है जबकि चर्चा पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा की हो रही थी।

 

दतिया सीट पर पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का वर्चस्व रहा है। यहां से उपचुनाव की घोषणा के बाद से नरोत्तम मिश्रा चुनावी तैयारियों में जुटे थे। सभाएं करके अपनी पुरानी गलतियों पर माफी मांग रहे थे। उन्होंने बुधवार को नामांकन फॉर्म भी खरीद लिया था। इसी बीच केंद्रीय संगठन ने आशुतोष का नाम घोषित कर दिया। आशुतोष तिवारी लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े रहे हैं। संभागीय संगठन मंत्री के अलावा मध्य प्रदेश हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन (कैबिनेट मंत्री के दर्जा) भी रह चुके हैं। उन्हें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के करीबी नेताओं में माना जाता है। मूल रूप से वे दतिया जिले के भांडेर क्षेत्र के रहने वाले हैं और लंबे समय से संघ व संगठन में सक्रिय रहे हैं। उनकी छवि एक शांत, मृदुभाषी और संघर्षशील नेता की है।

 

गौरतलब है कि वर्ष 2023 में हुए विधानसभा चुनाव में दतिया सीट से कांग्रेस के राजेंद्र भारती विजयी हुए थे। उन्होंने नरोत्तम मिश्रा को हराया था, लेकिन बैंक फर्जीबाड़े के एक मामले में एमपीएमएलए अदालत ने भारती को तीन वर्ष की सजा सुनाई थी। भारती ने इसे दिल्ली उच्च न्यायालय में चुनौती भी दी थी। उनकी अपील भी शुक्रवार को खारिज कर दी गई। इसके बाद अब उपचुनाव का रास्ता साफ़ हो गया है। कांग्रेस ने अभी दतिया सीट पर अपना उम्मीदवार घोषित नहीं किया है।

Related Articles

Back to top button