सरकार ने मूल्य स्थिरीकरण बफर के लिए प्याज के खरीद मूल्य में 13% की बढ़ोतरी की

नई दिल्ली (पल्लवी श्रीवास्तव) : सरकार ने मूल्य स्थिरीकरण बफर के लिए प्याज के खरीद मूल्य में 13 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। इसका खरीद मूल्य 1,875 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़कर अब 2,125 रुपये प्रति क्विंटल हो गया है। उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने बताया कि संशोधित खरीद मूल्य आज से प्रभावी हो गया है।
मंत्रालय के अनुसार इससे प्याज किसानों को बेहतर लाभ मिलेगा और साथ ही बफर खरीद प्रयासों को भी सहायता मिलेगी। सरकार के मूल्य स्थिरीकरण बफर के लिए भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ लिमिटेड- नेफेड और भारतीय राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता संघ लिमिटेड- एनसीसीएफ के माध्यम से प्याज की खरीद जारी है।
कृषि और किसान कल्याण विभाग के वर्ष 2025-26 के दूसरे अग्रिम अनुमान के अनुसार, प्याज का उत्पादन 307 लाख मीट्रिक टन से अधिक होने का अनुमान है। मंत्रालय ने बताया कि महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और गुजरात में वर्तमान स्टॉक पर्याप्त है और फिलहाल प्याज की कोई कमी नहीं है। प्याज का अखिल भारतीय औसत खुदरा मूल्य 31 रुपये प्रति किलोग्राम है। प्याज का निर्यात सामान्य है और इस वर्ष जून महीने के दौरान लगभग डेढ लाख मीट्रिक टन प्याज का निर्यात किया गया।



