पीएम मोदी ने की घोषणा, भारत और फ्रांस मिलकर लॉन्च करेंगे ‘तृष्णा’ सैटेलाइट, जल और खाद्य सुरक्षा को मिलेगी नई ताकत

नई दिल्ली (राघवेंद्र प्रताप सिंह) : पीएम मोदी ने गुरुवार को घोषणा की कि भारत और फ्रांस अगले साल मिलकर ‘तृष्णा’ सैटेलाइट लॉन्च करेंगे। यह मिशन दुनिया में जल और खाद्य सुरक्षा को मजबूत करने में मदद करेगा। फ्रांस और स्लोवाकिया की यात्रा के अंतिम चरण में पेरिस में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यह सैटेलाइट परियोजना दोनों देशों के सहयोग का एक स्वाभाविक विस्तार है। उन्होंने बताया कि पिछले साल पेरिस और इस साल दिल्ली में आयोजित एआई समिट्स ने इस साझेदारी को और मजबूत किया है।
पीएम मोदी ने कहा कि आज से 50 या 100 साल बाद जब इस दौर को याद किया जाएगा, तो इसे भारत की बड़ी आकांक्षाओं और सपनों के दौर के रूप में देखा जाएगा। उन्होंने कहा कि आज का भारत भविष्य के लिए पूरा इकोसिस्टम तैयार कर रहा है और उन सभी क्षेत्रों में निवेश कर रहा है जो आने वाले दशकों की दिशा तय करेंगे।
हाल ही में नीस में आयोजित ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस आयोजन ने दुनिया के सामने भारत की डीप-टेक क्षमताओं को दिखाया। उन्होंने बताया कि भारत के 120 प्रमुख डीप-टेक स्टार्टअप्स ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इसके दौरान करीब 1,400 बिजनेस-टू-बिजनेस (बीटूबी) बैठकें हुईं, जिससे वैश्विक सहयोग और नवाचार को बढ़ावा मिला। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देशों के बीच संबंध सिर्फ व्यापार पर नहीं, बल्कि भरोसे पर भी आधारित होते हैं।



