Trending

उपराष्ट्रपति श्री सीपी राधाकृष्णन 19 से 21 जून तक लद्दाख का दौरा करेंगे

नई दिल्ली ( अभिषेक सिंह) : उपराष्ट्रपति श्री सीपी राधाकृष्णन 19 से 21 जून, 2026 तक केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख का अपना पहला दौरा करेंगे। इस दौरान, उपराष्ट्रपति 20 जून को लुकुंग गांव की यात्रा करेंगे, जहां वे स्थानीय स्वयं सहायता समूहों के साथ संवाद करेंगे और जीवंत गांव कार्यक्रम के तहत सीमावर्ती क्षेत्र में की जा रही विकासपरक पहल का अवलोकन करेंगे।

उसी दिन बाद में, उपराष्ट्रपति युद्ध स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। उपराष्ट्रपति 21 जून को लेह में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह में भाग लेंगे। इसमें युवा, सशस्त्र बल के जवान और विभिन्न संगठनों के सदस्य योग द्वारा समग्र स्वास्थ्य और कल्याण के संदेश को बढ़ावा देने के लिए भाग लेंगे।

हर साल अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। इस बार 21 जून को इंटरनेशनल योग डे को मनाया जाएगा। केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने बताया कि इस वर्ष योग दिवस की थीम “ स्वस्थ आयु के लिए योग ” रखी गई है, जो वर्तमान समय की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक स्वस्थ और सम्मानजनक वृद्धावस्था को केंद्र में रखती है।

गौरतलब है कि 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्ताव पर संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया गया था। इसके बाद योग भारतीय परंपरा से निकलकर वैश्विक स्वास्थ्य आंदोलन बन चुका है।

Related Articles

Back to top button