Trending

एशियन गेम्स टेटे टीम से बाहर हुईं मनिका बत्रा, रिजर्व खिलाड़ियों में मिली जगह

घरेलू प्रतियोगिताओं में हिस्सा नहीं लेने से राष्ट्रीय रैंकिंग में नाम नहीं हुआ शामिल

नई दिल्ली। भारत की सबसे चर्चित और सफल टेबल टेनिस खिलाड़ियों में शुमार मनिका बत्रा को इस साल जापान में होने वाले एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम में जगह नहीं मिली है।

घरेलू प्रतियोगिताओं से दूरी और राष्ट्रीय रैंकिंग में नाम न होने की वजह से भारतीय टेबल टेनिस महासंघ (टीटीएफआई) ने उन्हें मुख्य स्क्वाड से बाहर कर दिया। हालांकि, मनिका को रिजर्व खिलाड़ियों की सूची में शामिल किया गया है।

20वें एशियन गेम्स का आयोजन जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होगा। टेबल टेनिस मुकाबले 20 से 28 सितंबर के बीच खेले जाएंगे।

मनिका बत्रा को टीम से बाहर किए जाने का मुख्य कारण उनका घरेलू प्रतियोगिताओं में हिस्सा न लेना बताया जा रहा है। इसी वजह से उनका नाम टीटीएफआई की राष्ट्रीय रैंकिंग में शामिल नहीं हो सका। चयन मानकों के अनुसार राष्ट्रीय रैंकिंग में स्थान होना खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण माना गया था।

टीम से बाहर किए जाने के बावजूद मनिका बत्रा को रिजर्व खिलाड़ियों की सूची में रखा गया है। उनके साथ स्वस्तिका घोष को भी रिजर्व के तौर पर शामिल किया गया है।

मनिका बत्रा वर्तमान में भारत की दूसरी सर्वोच्च रैंकिंग वाली महिला खिलाड़ी हैं। विश्व रैंकिंग में वह 51वें स्थान पर हैं, जबकि उनसे आगे श्रीजा अकुला 45वें स्थान पर काबिज हैं।

टीटीएफआई के अनुसार चयन प्रक्रिया में 50 प्रतिशत वेटेज राष्ट्रीय रैंकिंग, 40 प्रतिशत अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग और 10 प्रतिशत चयन समिति के विवेक पर आधारित होता है। इसी मानदंड के आधार पर एशियन गेम्स के लिए खिलाड़ियों का चयन किया गया है।

मनिका की अनुपस्थिति में महिला टीम की अगुआई श्रीजा अकुला करेंगी। उनके अलावा टीम में यशस्विनी घोरपड़े, दिया चिताले, सुतीर्था मुखर्जी और सिंद्रेला दास को शामिल किया गया है।

पुरुष टीम की कमान जी. साथियान और हरमीत देसाई संभालेंगे। उनके साथ मानव विकास ठाक्कर, मानव शाह और युवा खिलाड़ी पायस जैन को भी टीम में जगह मिली है। वहीं, अंकर भट्टाचार्य और रोनित भान्जा को रिजर्व खिलाड़ियों की सूची में रखा गया है।

एशियन गेम्स में टेबल टेनिस प्रतियोगिता बेहद प्रतिस्पर्धी रहने की उम्मीद है। चीन, जापान, दक्षिण कोरिया और चीनी ताइपे जैसी मजबूत टीमें इस स्पर्धा में हिस्सा लेंगी, ऐसे में भारतीय खिलाड़ियों के सामने कड़ी चुनौती होगी।

Related Articles

Back to top button