Trending

रोहित शर्मा की नई उपलब्धि, 510वें मैच के साथ द्रविड़ से आगे निकले

लखनऊ: भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में शुमार रोहित शर्मा ने श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली।

मैदान पर उतरते ही पूर्व भारतीय कप्तान रोहित भारत के लिए सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले खिलाड़ियों की सूची में चौथे स्थान पर पहुंच गए। यह उनके करियर का 510वां अंतरराष्ट्रीय मुकाबला रहा, जिसके साथ उन्होंने पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ (509 मैच) को पीछे छोड़ दिया। इस मैच से पहले रोहित शर्मा और राहुल द्रविड़ दोनों ने 509-509 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले थे, लेकिन दूसरे वनडे में उतरते ही रोहित इस सूची में उनसे आगे निकल गए।

पहले वनडे में रोहित रन आउट होकर बड़ी पारी नहीं खेल सके थे, लेकिन उनकी बल्लेबाजी में लय दिखाई दी थी। हाल के समय में फिटनेस को लेकर चर्चाओं में रहे रोहित अब पूरी तरह फिट नजर आ रहे हैं। दूसरे वनडे में उन्होंने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 39 गेंदों पर छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 48 रन बनाए।

हालांकि वह अर्धशतक से चूक गए। उनकी पारी का अंत 14वें ओवर की पहली गेंद पर राशिद खान ने किया, जब उनकी गुगली रोहित को चकमा दे गई और गेंद बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर स्टंप्स से जा टकराई।

रोहित के 510वें अंतरराष्ट्रीय मैच के साथ भारत के लिए सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ियों की सूची में अब टॉप-5 में सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, महेंद्र सिंह धोनी, रोहित शर्मा और राहुल द्रविड़ शामिल हो गए हैं।

सचिन तेंदुलकर इस सूची में शीर्ष पर हैं। उन्होंने अपने करियर में 664 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। दूसरे स्थान पर विराट कोहली हैं, जिनके नाम 559 मैच दर्ज हैं। तीसरे स्थान पर पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (538) हैं, जबकि रोहित शर्मा 510 मैचों के साथ चौथे और राहुल द्रविड़ 509 मैचों के साथ पांचवें स्थान पर हैं।

भारत के लिए सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले खिलाड़ी
1. सचिन तेंदुलकर – 664
2. विराट कोहली – 559
3. महेंद्र सिंह धोनी – 538
4. रोहित शर्मा – 510
5. राहुल द्रविड़ – 509
6. मोहम्मद अजहरुद्दीन – 433
7. सौरव गांगुली – 424
8. युवराज सिंह – 402
9. अनिल कुंबले – 401
10. रविंद्र जडेजा – 373
11. हरभजन सिंह – 365

Related Articles

Back to top button