श्रीलंका ए मैच के विवाद पर बीसीसीआई की प्रतिक्रिया, ‘दूसरी बातों में न उलझें खिलाड़ी’
15 वर्षीय सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के साथ श्रीलंका के खिलाफ इंडिया ए के गेम में जो कुछ भी हुआ था, उसके बाद से बहुत सी बातें सामने आ रही हैं। श्रीलंका ए टीम के खिलाड़ी हलमबागे ने ट्राई नेशन सीरीज के मैच के बाद वैभव से कुछ अपशब्द कहे थे, जिसके बाद वैभव ने उन्हें धक्का दिया था।
हलमबागे पर ऐक्शन हो गया है, लेकिन अभी वैभव पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इस बीच इस मामले पर बीसीसीआई की भी प्रतिक्रिया आ गई है और खिलाड़ियो को सख्त चेतावनी दे दी गई है कि उन्हें अपने गेम पर फोकस करना है। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने इंडिया ‘ए’ प्लेयर्स से क्रिकेट पर फोकस रखने और ध्यान भटकाने वाली चीजों से बचने की अपील की।
टीम इंडिया का रास्ता इंडिया ए टीम से होकर भी जाता है। ऐसे में खिलाड़ियों को अपने गेम पर ध्यान देना चाहिए। सैकिया ने मंगलवार को एक अंग्रेजी अखबार से बात करते हुए कहा, “उन्हें दूसरी दिक्कतों में उलझने के बजाय अपने खेल पर ध्यान देना चाहिए। हमारी बस यही चिंता है कि वे अपना बेस्ट दें और भारत को ट्राई-सीरीज जीतने में मदद करें। इस समय, खिलाड़ियों को सिर्फ अपने क्रिकेट पर ध्यान देना चाहिए।”

यह पूछे जाने पर कि क्या उन्होंने सूर्यवंशी से इस घटना के बारे में बात की है, सैकिया ने कहा कि बीसीसीआई टूर्नामेंट के दौरान टीम की तैयारियों में दखल नहीं देता। उन्होंने कहा, “ऐसे मामलों पर खिलाड़ियों से बात करना हमारी ड्यूटी नहीं है। खिलाड़ी, सपोर्ट स्टाफ और कोच सीरीज पर फोकस कर रहे हैं। हम नहीं चाहते कि वे उन मुद्दों से भटकें जो बहुत जरूरी नहीं हैं। ट्राई-सीरीज में भारत का परफॉर्मेंस और सफलता हमारा फोकस है।”
भारत की ए टीम आज यानी 17 जून को अफगानिस्तान ए के खिलाफ दांबुला में इसी ट्राई नेशन सीरीज का आखिरी लीग मैच खेल रही है। टीम पहले तीन में से दो मैच हार चुकी है।
ऐसे में अगर अफगानिस्तान के खिलाफ हार मिली तो टीम का सफर समाप्त हो जाएगा, जबकि जीतने पर फाइनल का टिकट लगभग पक्का हो जाएगा, क्योंकि इसके बाद अफगानिस्तान और श्रीलंका के बीच मुकाबला है, जिस पर फोकस होगा कि कौन सी टीम कितने अंतर से जीतती है। नेट रन रेट भी आगे देखा जाएगा। हालांकि, अगर अफगानिस्तान को हार मिली तो फिर फाइनल श्रीलंका और भारत के बीच होगा। फाइनल मैच रविवार 21 जून को खेला जाएगा।



