Trending

सिर्फ 25 गेंदों में खत्म हुआ वनडे, खतरनाक पिच के कारण मैच रद्द

टोरंटो के किंग सिटी में मंगलवार को कनाडा और नीदरलैंड के बीच एक वनडे इंटरनेशनल मैच खेला जा रहा था। ये मैच शुरू होने के कुछ ही देर बाद रद्द करना पड़ गया। इसके पीछे की वजह थी डेंजरस पिच।

ये मुकाबला आईसीसी पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग 2 का था, जो आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 के क्वालीफिकेशन से जुड़ा है। इस 50-50 ओवर के मैच में सिर्फ 25 गेंदें ही फेंकी गईं और फिर आगे मैच नहीं आयोजित करने का फैसला मैच अधिकारियों को लेना पड़ा।

इस मैच में कनाडा के खिलाफ नीदरलैंड्स की टीम ने टॉस जीतने के बाद बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। हालांकि, नीदरलैंड की पारी के सिर्फ 4.1 ओवर बाद ही मैच रद्द कर दिया गया। उस समय उनका स्कोर 1 विकेट पर 15 रन था।

साभार : गूगल

दूसरे ओवर में सलामी बल्लेबाज मैक्स ओ’डाउड बिना कोई रन बनाए आउट हो गए थे। पिच में एक जैसा बाउंस नहीं था और खेल के छोटे से समय में बैट्समैन को कई बार चोट लगी। हैरानी की बात यह है कि कुछ ही दिन पहले इसी मैदान पर मुकाबला हुआ था। उसकी पिच भी अच्छी नहीं थी।

कनाडा बनाम नीदरलैंड मैच से चार दिन पहले यानी 12 जून को आईसीसी ने एक बयान जारी करके कहा था कि किंग सिटी की पिच, जिसका इस्तेमाल 8 जून को यूएसए और नीदरलैंड्स के बीच वनडे के लिए किया गया था, उसे अनसेटिस्फेक्ट्री यानी असंतोषजनक रेटिंग दी गई और एक डिमेरिट पॉइंट भी इस मैदान को दिया गया।

मैच रेफरी फिल थॉम्पसन ने यूएसए-नीदरलैंड्स मैच की पिच के बारे में कहा था, “यह पिच इस लेवल के क्रिकेट के लिए उम्मीद के मुताबिक स्टैंडर्ड से नीचे थी।” आईसीसी के पिच और आउटफील्ड मॉनिटरिंग प्रोसेस के अनुसार, जिन पिचों को “अनसेटिस्फेक्ट्री” रेटिंग मिलती है, उन्हें एक डिमेरिट पॉइंट दिया जाता है, जबकि “अनफिट” पिच रेटिंग से वेन्यू को तीन डिमेरिट पॉइंट मिलते हैं।

डिमेरिट पॉइंट्स लगातार पांच साल तक एक्टिव रहते हैं और छह डिमेरिट पॉइंट्स होने पर वेन्यू को 12 महीने के लिए इंटरनेशनल मैच होस्ट करने से सस्पेंड कर दिया जाता है। 12 डिमेरिट पॉइंट्स से 24 महीने का बैन लगता है। ऐसे में टोरंटो के इस मैदान पर अब बैन का खतरा भी है, क्योंकि चार पॉइंट्स अब खराब पिचों के लिए इसे दिए गए हैं। आने वाले समय में ऐसा होता है तो फिर 12 महीने के लिए इस मैदान को इंटरनेशनल मैचों के लिए प्रतिबंधित कर दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button