सातवीं राष्ट्रीय मुआय थाई प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश को तीसरा स्थान, जीते 62 पदक
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्तराखंड में हल्द्वानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में एक से चार जून 2026 तक आयोजित सातवीं राष्ट्रीय मुआय थाई प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त किया। उत्तर प्रदेश ने 25 स्वर्ण, 22 रजत और 15 कांस्य के साथ कुल 62 पदक जीते।
उत्तर प्रदेश मुआय थाई एसोसिएशन के सचिव अतुल जे. पांडे ने बताया कि उत्तर प्रदेश की 79 सदस्यीय टीम में लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, गाजीपुर, मेरठ, प्रयागराज, सीतापुर, बाराबंकी, बरेली व गाजियाबाद के खिलाड़ी थे। उत्तर प्रदेश मुआय थाई एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज वर्मा ने कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों के कठोर परिश्रम, अनुशासन और प्रशिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम है।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रदेश के खिलाड़ी भविष्य में भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ाते रहेंगे।



