Trending

सीनियर वर्ल्डकप पदार्पण में सातवें स्थान पर रहीं साक्षी पडेकर

नई दिल्ली : महाराष्ट्र की साक्षी सुनील पडेकर ने जर्मनी के म्यूनिख स्थित प्रतिष्ठित ओलंपियाशीसेनलागे में आयोजित इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्टफेडरेशन (आईएसएसएफ) राइफल/पिस्टल वर्ल्डकप के तीसरे दिन महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा के फाइनल में सातवां स्थान हासिल किया।

22 वर्षीय साक्षी ने 635.1 के शानदार स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रहते हुए फाइनल के लिए क्वालिफाई किया। उनसे आगे केवल चीन की विश्व नंबर-1 वांग जिफेई और पेरिस ओलंपिक चैंपियन दक्षिण कोरिया की ह्योजिन बान रहीं।

सर्बिया की 18 वर्षीय एंडेलिजा स्टेवानोविच ने अपने पहले सीनियर वर्ल्ड कप में 252.3 के कुल स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता। फाइनल का फैसला आखिरी शॉट में हुआ। जापान की नोबाता मिसाकी ने 252.0 के स्कोर के साथ अपने करियर का पहला सीनियर वर्ल्डकप पदक जीतते हुए रजत पदक हासिल किया। वांग जिफेई ने 231.1 के स्कोर के साथ कांस्य पदक जीता, जबकि ओलंपिक चैंपियन बान चौथे स्थान पर रहीं।

साक्षी ने फाइनल की शुरुआत 10.5 से की, लेकिन दूसरे और तीसरे शॉट में 9.7 और 9.8 लगाने के बाद शानदार वापसी करते हुए 10.8 और 10.7 के स्कोर हासिल किए। उन्होंने पहली सीरीज 51.5 के कुल स्कोर के साथ छठे स्थान पर समाप्त की।

दूसरी सीरीज में साक्षी ने 10.6, 10.4, 10.6, 10.0 और 10.5 के स्कोर लगाए, जिससे उनका कुल स्कोर 52.1 रहा और वह छठे स्थान पर बनी रहीं। सिंगल शॉट चरण में साक्षी ने लगातार दो 10.3 लगाए और अपनी स्थिति बरकरार रखी।

इसके बाद 13वें शॉट में लगातार दो 10.5 लगाकर उन्होंने सातवें स्थान पर मौजूद फ्रांस की ओशेनम्यूलर पर 0.4 अंकों की बढ़त बना ली। हालांकि, म्यूलर ने 14वें शॉट में शानदार 10.9 लगाकर बराबरी कर ली, जबकि साक्षी ने 10.5 का स्कोर किया।

शूट-ऑफ में साक्षी केवल 10.5 ही लगा सकीं, जबकि म्यूलर ने 10.7 का स्कोर करते हुए उन्हें पीछे छोड़ दिया। साक्षी 145.2 के स्कोर के साथ सातवें स्थान पर रहीं। म्यूलर ने एक और एलिमिनेशन पार करते हुए पांचवां स्थान हासिल किया।

इससे पहले भारत की अन्य निशानेबाज एलावेनिल वलारिवन 632.1 के स्कोर के साथ 19वें स्थान पर रहीं, जबकि आर्या बोरसे 627.6 के स्कोर के साथ 63वें स्थान पर रहीं। 146 निशानेबाजों वाले बेहद प्रतिस्पर्धी फील्ड में शीर्ष 12 खिलाड़ियों ने 633.0 या उससे अधिक स्कोर किया, जो प्रतियोगिता के उच्च स्तर को दर्शाता है।

रैंकिंग अंक के लिए खेल रहीं विदार्सा के. विनोद (630.6) और तिलोत्तमा सेन (630.1) क्रमशः 27वें और 32वें स्थान पर रहीं।

25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल स्टेज-1 के बादअनीश भानवाला सर्वश्रेष्ठ भारतीय

ओलंपियन अनीश भानवाला ने 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल के स्टेज-1 में 290-10x का स्कोर बनाकर 18वां स्थान हासिल किया और कल होने वाले फाइनल में जगह बनाने की उम्मीद कायम रखी।

सीनियर स्तर पर पदार्पण कर रहे सूरज शर्मा ने 284-11x (97,87,100) का स्कोर किया, जबकि उधयवीर सिद्धू, जो ओलंपिक स्पर्धा में अपना पहला सीनियर वर्ल्ड कप खेल रहे हैं, ने 288-14x का स्कोर बनाया। दोनों खिलाड़ियों के लिए फाइनल में पहुंचना चुनौतीपूर्ण रहेगा।

म्यूनिख प्रतियोगिता के अंतिम से पहले दिन शुक्रवार को महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल, पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन और 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल स्पर्धाओं के फाइनल आयोजित किए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button