सिंगापुर ओपन : लक्ष्य सेन क्वार्टर फाइनल में, एचएस प्रणय की चुनौती समाप्त
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन ने यहां सिंगापुर ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में अलग-अलग अंदाज में जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया, जबकि एचएस प्रणय कई गलतियों के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए। सिंधु ने 37 मिनट में जापान की रिको गुंजी को 21-9, 21-12 से हराया।
अब उनका सामना शीर्ष वरीयता प्राप्त कोरिया की आन से यंग से होगा। सिंधु अब तक ओलंपिक चैंपियन आन से यंग को कभी नहीं हरा सकी हैं और उन्हें आठ बार हार का सामना करना पड़ा है। पिछली बार उन्हें पिछले साल चाइना ओपन में हार मिली थी।
अमरोहा के लक्ष्य सेन ने भी क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई, क्योंकि दूसरे वरीय कुनलावुत वितिदसर्ण ने पीठ में परेशानी के कारण महज दो अंक खेलने के बाद मैच से हटने का फैसला किया। अब 2021 विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता लक्ष्य का सामना जापान के कोकी वातानाबे से होगा।

पुरुष युगल में चौथी वरीयता प्राप्त सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने कड़े मुकाबले में चीनी ताइपे के ली झे हुई और यांग पो ह्सुआन को एक घंटे तक चले मैच में 21-15, 11-21, 21-18 से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई। अब उनका सामना मलेशिया के खाइ शिंग कांग और आरोन ताइ की जोड़ी से होगा।
मिश्रित युगल में ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो भी अंतिम आठ में पहुंच गए। भारतीय जोड़ी ने जापान के युता वातानाबे और माया तागुची को 8-21, 21-17, 21-16 से हराया। अब उनका सामना कोरिया के किम जाए ह्योन-जोंग और हा जियोंग तथा मलेशिया के चेन तांग जी और तोह ई वेई के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा।

वहीं, एचएस प्रणय आखिरी गेम में लय बरकरार नहीं रख सके और 61 मिनट तक चले मुकाबले में घरेलू खिलाड़ी लोह कीन यू से 18-21, 21-16, 15-21 से हार गए।



