आईसीसी टेस्ट रैंकिंग: यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल टॉप-10 में, बुमराह शीर्ष पर कायम
आईसीसी द्वारा बुधवार को जारी ताजा टेस्ट रैंकिंग में भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने गेंदबाजों की सूची में अपना नंबर-1 स्थान बरकरार रखा है। वहीं बल्लेबाजों की रैंकिंग में भारत के युवा सितारे यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल टॉप-10 में हैं।
बल्लेबाजों की रैंकिंग में इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जो रूट पहले स्थान पर बने हुए हैं। भारत के यशस्वी जायसवाल आठवें स्थान पर हैं, जबकि शुभमन गिल एक स्थान की छलांग लगाकर नौवें नंबर पर पहुंच गए हैं।
बल्लेबाजों की सूची में जो रूट के बाद इंग्लैंड के हैरी ब्रूक दूसरे, ऑस्ट्रेलिया के ट्रैविस हेड तीसरे और स्टीव स्मिथ चौथे स्थान पर हैं। गौरतलब है कि भारतीय टीम ने 2026 में अभी तक विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का कोई मुकाबला नहीं खेला है। टीम इंडिया ने आखिरी टेस्ट सीरीज नवंबर में घरेलू मैदान पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली थी।

गेंदबाजों की रैंकिंग में जसप्रीत बुमराह शीर्ष पर कायम हैं। भारतीय गेंदबाजों में उनके बाद मोहम्मद सिराज 12वें स्थान पर हैं। वहीं रविंद्र जडेजा और कुलदीप यादव क्रमशः 14वें और 15वें स्थान पर हैं। ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं, जबकि न्यूजीलैंड के मैट हेनरी तीसरे स्थान पर काबिज हैं। ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट कप्तान पैट कमिंस चौथे स्थान पर हैं।



