Trending

असम में हिमंत समेत पांच विधायक लेंगे मंत्री पद की शपथ

गुवाहाटी : असम में डॉ. हिमंत बिस्व सरमा समेत कुल पांच लोग आज पद और गोपनीयता का शपथ लेंगे। यह जानकारी स्वयं निवर्तमान मुख्यमंत्री हिमंत ने एक्स पर दी। डॉ. सरमा ने कहा कि उनके ये चार साथी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में उनके साथ मंत्री पद की शपथ लेंगे। इनमें रामेश्वर तेली, अतुल बोरा, चरण बोडो तथा अजंता नेओग शामिल हैं। इनमें दो भाजपा, एक अगप और एक बीपीएफ के विधायक हैं।

 

उन्होंने कहा कि रंजीत दास विधानसभा अध्यक्ष पद के उम्मीदवार होंगे। उन्होंने सभी को शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा, “हम सब मिलकर, एक अधिक मजबूत, विकसित और समृद्ध असम के लिए पूरी लगन के साथ काम करते रहेंगे।” उल्लेखनीय है कि शपथ ग्रहण की तैयारी व्यापक पैमाने पर की गई है। समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, 22 राज्यों के मुख्यमंत्री, कई केंद्रीय मंत्री, भाजपा तथा एनडीए के राष्ट्रीय नेताओं के साथ ही बड़ी संख्या में बड़े उद्योगपति शामिल हो रहे हैं।

 

प्रधानमंत्री, गृहमंत्री समेत प्राय: सभी लोग सोमवार रात तक गुवाहाटी पहुंच चुके हैं। इन बड़े नेताओं के साथ ही असम में भाजपा तथा एनडीए के बूथ अध्यक्षों तथा पंचायत के निर्वाचित अध्यक्षों को भी आमंत्रित किया गया है। प्रधानमंत्री तथा गृह मंत्री के आगमन के मद्देनजर पूरे खानापाड़ा इलाके में सुरक्षा बलों के भारी तनाती की गई गई है। कार्यक्रम के कारण कई मार्गों में बदलाव किया गया है। वहीं वीआईपी के आगमन के मद्देनजर कामाख्या से लेकर खानापाड़ा तक और बरझाड़ हवाई अड्डे से लेकर कार्यक्रम स्थल तक व्यापक पैमाने पर सड़कों की सफाई तथा फुटपाथों के रंगाई पोताई की जा चुकी है।

 

डॉ. सरमा आज 11 बजे खानापाड़ा वेटरिनरी कॉलेज ग्राउंड में आयोजित एक भव्य समारोह में मुख्यमंत्री पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। कार्यक्रम स्थल पर भव्य पंडालों का निर्माण किया गया है। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

 

———-

Related Articles

Back to top button