Trending

अंपायर ने टोपी ठीक की, गेंदबाज समझ बैठा आउट; काउंटी क्रिकेट में मजेदार घटना

क्रिकेट के खेल में अंपायर का फैसला ही सर्वमान्य माना जाता है। अंपायर नियमों को ध्यान में रखते हुए निर्णय देते हैं और वे खेल का अभिन्न हिस्सा होते हैं। हालांकि, कई बार उनके फैसले गलत भी साबित हो जाते हैं।

कुछ मौकों पर ऐसा भी होता है कि गेंदबाज को लगता है कि अंपायर ने बल्लेबाज को आउट दे दिया है, जबकि वास्तव में अंपायर ने अपनी उंगली उठाई ही नहीं होती। ऐसा नजारा पहले बिग बैश लीग में देखने को मिला था और अब काउंटी क्रिकेट में भी कुछ ऐसा ही हुआ। इस बार चेन्नई सुपर किंग्स और इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जैमी ओवरटन के भाई क्रेग ओवरटन के साथ यह घटना घटी।

उनकी गेंद पर अंपायर ने हाथ तो उठाया, लेकिन बाद में मामला कुछ और ही निकला। अचानक हुए इस घटनाक्रम में क्रेग ओवरटन को समरसेट और ग्लेमोर्गन के बीच खेले जा रहे काउंटी चैंपियनशिप मुकाबले में विकेट नहीं मिला। जैसे ही उन्हें लगा कि बल्लेबाज आउट हो गया है, वे जश्न मनाने लगे, लेकिन अंपायर ने उनकी खुशी पर पानी फेर दिया। यह पूरा मामला काउंटी चैंपियनशिप डिवीजन वन के मैच के दौरान सामने आया।

साभार : गूगल

ग्लेमोर्गन की दूसरी पारी में रयान हैडली और सीन डिक्सन के बीच अच्छी साझेदारी चल रही थी। इसी दौरान क्रेग ओवरटन ने समरसेट को लगभग सफलता दिला दी थी। उन्होंने एक फुल लेंथ गेंद फेंकी, जो हल्का उछाल लेने के बाद सीधे रयान हैडली के फ्रंट पैड पर जाकर लगी। इसके बाद ओवरटन समेत समरसेट के सभी खिलाड़ियों ने जोरदार अपील की।

अपील के तुरंत बाद अंपायर ने अपना हाथ ऊपर उठाया। इसे देखकर ऐसा लगा मानो उन्होंने बल्लेबाज को आउट दे दिया हो, लेकिन वास्तव में अंपायर सिर्फ अपनी टोपी ठीक कर रहे थे। ओवरटन को भ्रम हो गया कि अंपायर ने आउट का संकेत दिया है और वे जश्न मनाने लगे।

हालांकि, उनकी यह खुशी ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी, क्योंकि जल्द ही उन्हें समझ आ गया कि अंपायर ने उंगली नहीं उठाई थी। उन्होंने केवल अपनी टोपी ठीक की थी। इसके बाद ओवरटन वापस अपने रनअप की ओर लौट गए। प्रोफेशनल क्रिकेट में यह पहली बार नहीं है जब अंपायर के एक इशारे ने गेंदबाज और पूरी टीम को भ्रमित कर दिया हो। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया की टी20 लीग बिग बैश लीग में भी ऐसा ही एक मामला सामने आ चुका है।

बीबीएल के एक मुकाबले में एडिलेड स्ट्राइकर्स की ओर से राशिद खान गेंदबाजी कर रहे थे। उन्होंने बल्लेबाज ब्यू वेबस्टर के खिलाफ एलबीडब्ल्यू की जोरदार अपील की थी। उस दौरान अंपायर ने अपनी उंगली ऊपर जरूर उठाई, लेकिन आउट देने के बजाय उन्होंने उसी उंगली से अपनी नाक खुजलानी शुरू कर दी।

शुरुआत में राशिद खान को लगा कि बल्लेबाज आउट करार दिया गया है, लेकिन बाकी खिलाड़ियों ने उन्हें इशारा करके बताया कि अंपायर ने आउट नहीं दिया है। बाद में अंपायर ने भी स्पष्ट किया कि उन्होंने आउट का फैसला नहीं दिया था और राशिद खान से गेंदबाजी जारी रखने को कहा। यह वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था, क्योंकि कुछ क्षणों के लिए ऐसा लगा था मानो अंपायर ने अपना फैसला बदल लिया हो।

Related Articles

Back to top button